211 ग्राम चरस सहित नशा तस्कर गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 28 मार्च 2023, सीआईए वन की टीम ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नारायणा नहर पुल के पास से एक नशा तस्कर को 211 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गुरूबचन पुत्र सतबीर निवासी पांची जाट्टान सोनीपत के रूप में हुई।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी से खुलासा हुआ वह नशा करने का आदी है। नशा करने के लिए उसने दो दिन पहले गन्नौर में ढ़ाबे के नजदीक एक अज्ञात ट्रक ड्राईवर से 250 ग्राम चरस कम कीमत पर खरीदी थी। जिसमें से 15 ग्राम चरस उसने सेवन कर ली व 25 ग्राम चरस अज्ञात नशा करने वाले युवक को बेच दी। बची हुई चरस को बेचने के लिए सोमवार को वह नारायणा नहर पुल के पास ग्राहक की फिराक में घूम रहा था। पुलिस टीम ने चरस सहित उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि सोमवार को उनकी टीम गश्त के दौरान थान समालखा क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड पर गांव पट्टीकल्याणा के पास मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि सोनीपत के गांव पांची जाट्टान निवासी गुरूबचन मादक पदार्थ लेकर नारायणा नहर पुल के पास खड़ा है। गुरूबचन मादक पदार्थ को बेचने की फिरार में है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानकर तुरंत मौके पर दंबिस देकर आरोपी युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान गुरूबचन पुत्र सतबीर निवासी पांची जाट्टान सोनीपत के रूप में बताई। पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी ली तो आरोपी की पहनी हुई पेंट की जेब से चरस बरामद हुई। बरामद चरस का वजन करने पर 211 ग्राम पाया गया।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि बरामद चरस को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी गुरूबचन के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गहनता से पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments