नशा तस्कर को 1 किलो 200 ग्राम गांजा सहित किया गिरफ्तार, बेचने की फिराक में घूम रहा था
BOL PANIPAT, 10 जुलाई : एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने समालखा बस अड्डा के पास एक युवक को 1 किलो 200 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव बसंतपुर गौंडा यूपी हाल सैनी कॉलोनी पानीपत निवासी अमन के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि वीरवार शाम को गुप्त सूचना मिली थी कि समालखा बस अड्डा के पास एक युवक मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को पुख्ता मानकर एएसआई संदीप के नेतृत्व में एक टीम गठीत कर आरोपी की धरपकड़ के लिए मौके पर भेजा। टीम ने समालखा बस अड्डा पर दबिश दी। सामने प्लास्टिक की थेली लिए खड़ा एक युवक पुलिस टीम को देखकर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमन पुत्र राम अवतार निवासी बसंतपुर गौंडा यूपी हाल सैनी कॉलोनी पानीपत के रूप में बताई। पुलिस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट बापौली तहसीलदार जसबीर सिंह की मौजूदगी में युवक की प्लास्टिक थैली की तलाशी ली तो गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 1 किलो 200 ग्राम पाया गया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी अमन ने पुलिस को बताया उसने शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए चार पांच दिन पहले पानीपत रेलवे स्टेशन पर मिले एक अज्ञात युवक से 1 किलो 500 ग्राम गांजा कम कीमत पर खरीदा था। जिसमें से उसने कुछ गांजा राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। वीरवार को बचे 1 किलो 200 ग्राम गांजा को वह बेचने के लिए समालखा आया था।
पुलिस ने आरोपी अमन के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।

Comments