Monday, August 10, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. कॉलेज की छात्रा प्राची ने राज्य स्तरीय विज्ञान निबंध प्रतियोगिता में प्राप्त किया सांत्वना पुरस्कार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 10, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT । आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा प्राची ने राज्य स्तर पर आयोजित ‘विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता (2025-2026)’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सांत्वना पुरस्कार अपने नाम कर महाविद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है।
यह प्रतियोगिता हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा आयोजित की गई थी और इसमें राज्य भर से ज़िला स्तर के विजेता प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
परिषद द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पत्र के अनुसार, प्राची को उनकी इस उपलब्धि के लिए ₹4,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई है, जो सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई है। इसके साथ ही संस्था द्वारा छात्रा को प्रतिभागिता एवं सम्मान पत्र भी भेजा गया है।

आई.बी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने जीव- विज्ञान विभाग की छात्रा प्राची की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्राची की यह सफलता संस्थान के अन्य छात्रों को भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी। वनस्पति शास्त्र के प्राध्यापक डॉ. निधान सिंह ने प्राची को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को कहा कि केवल डिग्री प्राप्त करना अगर आपका लक्ष्य रहेगा तो अन्य अपार संभावनाओं के लिए आपके द्वार बंद हो जाएंगे। इसलिए हम प्रत्येक विद्यार्थी से आग्रह करते हैं कि किसी भी स्तर की प्रतियोगिता के बारे में महाविद्यालय आपको सूचना प्रदान करता है आप उसमें बढ़-चढ़कर भाग ले और उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। प्राणी विज्ञान के प्राध्यापक पवन कुमार ने भी प्राची की इस उपलब्धि पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अभी विगत सप्ताह ही हमारी एक और छात्रा राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत हुई है और इन सभी उपलब्धियों का श्रेय महाविद्यालय के सभी शिक्षकों को जाता है जो विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के संयोजक डॉ. विक्रम कुमार, अंजुश्री, रजनी, नीलम थरेजा और स्वाति भी उपस्थित रहे और प्राची का उत्साहवर्धन किया।

Comments


Leave a Reply