2 किलो 800 ग्राम गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 13 सितंबर 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने शुक्रवार शाम को समालखा बस अड्डे के बाहर एक नशा तस्कर को 2 किलो 800 ग्राम गांजे सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नशा तस्कर आरोपी की पहचान किशनपुरा निवासी सुशील के रूप में हुई है।
एंटी नारकोक्टिस सेल प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी एक टीम गश्त के दौरान समालखा में भापरा मोड़ पर थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक पीठू बैग लेकर समालखा बस अड्डे के बाहर किसी के इंतजार में खड़ा है। युवक के पास बैग में मादक पदार्थ होने की संभावना है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंची। बस अड्डे के बाहर बैग लिए खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सुशील पुत्र तेजपाल निवासी खन्ना रोड किशनपुरा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सतपाल की मौजूदगी में युवक के बैग की तलाशी ली तो अंदर एक प्लास्टिक पन्नी से गांजा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 2 किलो 800 ग्राम पाया गया।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उक्त गांजा वह दिल्ली में एक व्यक्ति से कम कीमत पर खरीदकर पानीपत व समालखा आसपास के क्षेत्र में बेचने के लिए लेकर आया था। गांजा लेकर वह दिल्ली से बस में बैठकर समालखा आया और यहा बस से उतरकर अड्डे के बाहर खड़ा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शनिवार को आरोपी सुशील को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही नशा सप्लायर के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments