Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में उमड़ा उत्साह. अधिकारियों ने दिए त्वरित निवारण के निर्देश.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 27, 2025 Tags: , , , ,

-हर समस्या का होगा समाधान, प्रशासन ने जनता को दिलाया भरोसा

BOL PANIPAT , 27 नवंबर। हरियाणा सरकार द्वारा जनहित में चलाए जा रहे जनता समाधान शिविर के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखीं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के दिशा- निर्देशानुसार  शिविर की अध्यक्षता जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण सिंह ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की प्रत्येक समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जनता को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए शिकायतों का त्वरित निपटारा करे। समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को राहत देना और प्रशासन पर उनका विश्वास मजबूत करना है।

शिविर के दौरान उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने भी पुलिस विभाग की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिकायत दर्ज करना ही नहीं, बल्कि उस पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस से जुड़ी शिकायतें लंबित न रहें, बल्कि तुरंत कार्रवाई प्रारंभ की जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

शिविर में देशराज कॉलोनी के मनीष और श्रवण कुमार सहित अन्य ने एक फैक्ट्री द्वारा केमिकल युक्त पेंट्स से प्रदूषण फैलाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। कमलेश, वासी अटावाला ने विधवा पेंशन शुरू करवाने की मांग रखी। मुल्तान, वासी कुराना ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की दूसरी किस्त जारी करने का अनुरोध किया। यशपाल ने अपनी दुकान से चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की। अमित कुमार ने चोरी हुई बाइक वापस दिलवाने की गुहार लगाई।

  शिविर में कुल 70 शिकायतें दर्ज हुईं, जो मुख्यत: क्रीड़ विभाग, पेंशन विभाग, पुलिस विभाग तथा अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित थीं। कई लोगों ने पेंशन में आ रही अड़चनों, व्यक्तिगत समस्याओं तथा पुलिस मामलों पर अपनी शिकायतें रखीं।

  अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का निवारण जल्द किया जाएगा। जनता समाधान शिविर ने एक बार फिर यह साबित किया कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद बढ़ाने तथा समस्याओं को शीघ्र हल करने में यह पहल अत्यंत प्रभावी है। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, कृषि विभाग के सीडीओ राधेश्याम, डॉक्टर प्रज्ञा (ईएसआई), नरेश (वन विभाग), पुलिस कंप्लेंट अधिकारी महेश त्यागी, कंप्लेंट अधिकारी रमेश, जोगिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments