राम एक राष्ट्र हैं. एक संपूर्ण विचार हैं-मनोहर लाल।
-मुख्यमंत्री ने पानीपत में आयोजित शोभा यात्रा में लिया भाग।
– पानीपत के गोहाना मोड़ का नाम होगा श्री राम चौक,रेलवे रोड चौंक का नाम होगा महर्षि बाल्मीकि चौंक।
– प्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर ने दी रंगारंग प्रस्तुति।
BOL PANIPAT : 21 जनवरी- मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत पानीपत में आयोजित पूर्व संध्या पर शोभा यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि बोलते कहा कि पूरी दुनिया एक स्वर में आज राम को अपनी आस्था का आधार कह रही है। राम का नाम कोई एक व्यक्ति से संबंधित नहीं है,राम एक राष्ट्र है,एक सांस्कृतिक विचार है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से राम ने राष्ट्र के लिए अच्छा काम किया तो उनके राम राज्य की कल्पना सभी करने लगे। इसी तरह पिछले 10 सालों में अच्छा राज चलाने का काम किया जा रहा है। राम राज्य की पूरे देश ही नहीं,राज्यों में भी प्रथा शुरू हो गई है। राम राज्य के लिए कोई भी नीति बिना राम के एक कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि राम जी के मंदिर में रोड़े अटकाने वाले और उसका अनादर करने वाले लोगों, कारसेवकों पर अत्याचार करने वाले लोगों को फल भुगतना होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की की कि ऐसे लोग सही दिशा में चलें। उन्होंने लोगों से अपील की कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को ऑनलाइन जरूर देखें। उन्होंने लोगों से अपील की की वे सोमवार को आज प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर इस उल्लास को एक पर्व की तरह, दीपावली की तरह मनाएं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा था जिस तरह राम जी ने जीवन की अपनी भूमिका में अपनी मर्यादा और अपने धर्म को निभाया इस तरह के व्यवहार को अपने जीवन में भी अपनाएं। इस मौके पर प्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर ने अपने भजनों से रंगारंग प्रस्तुति दी और लोगों ने इसका आनंद उठाया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने इस मौके पर पानीपत के गोहाना चौंक का नाम श्री राम चौंक और रेलवे चौंक का नाम महर्षि बाल्मिकी चौंक रखने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने देशभक्ति गीत गाकर बांधा समा
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने इस शोभा यात्रा के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को *चंदन है इस देश की माटी तपो भूमि हर ग्राम है हर बाला देवी की प्रतिमा बच्चा-बच्चा राम है* गाकर सबका हौंसला बढ़ाया। उनके साथ लोगों ने भी इस गीत को गुनगुनाया। मुख्यमंत्री ने लोगों को इस अवसर पर रामायण से जुड़े प्रसंग भी सुनाए।

करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने इस मौके पर आयोजित शोभायात्रा के लिए सभी धार्मिक, सामाजिक संगठनों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी संस्थाओं ने मिलजुल कर इसमें सहयोग दिया है, यही नहीं विभिन्न राजनीतिक दलों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस कार्यक्रम में भाग लिया इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। इस मौके पर राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणीश्वर नाथ शर्मा,भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ अर्चना गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, डीसी डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया,निगम आयुक्त राहुल नरवाल,पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा, एडीसी वीना हुड्डा, सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, नागराधीश राजेश सोनी सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments