शुगर मिल परिसर में नए आसवनी प्लांट के लिए पर्यावरण स्वीकृति हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया गया
BOL PANIPAT : 31 जनवरी। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से मंगलवार को गांव डाहर स्थित शुगर मिल परिसर में नए आसवनी प्लांट के लिए पर्यावरण स्वीकृति हेतु जनसुनवाई का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त सुशील सारवान ने की।
जन सुनवाई करते हुए उपायुक्त सुशील सारवान ने उपस्थित ग्रामीणों से आपत्ति व सुझाव भी मांगे। गांव डाहर की ओर से मौके पर सरपंच मोनू ने उपायुक्त सुशील सारवान के समक्ष गांव से संबंधित मांगे भी रखी और समस्याएं भी बताई। इस पर उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए कहा कि इससे संबंधित अधिकारियों के पास क्रियान्वयन के लिए भेजा जाएगा। गांव डाहर से संबंधित मांगों में सफाई, सोलर लाइटें, स्वास्थ्य, सडक़ों इत्यादि से संबंधित समस्याएं रखी गई।

उपायुक्त ने कहा कि आगामी 19 फरवरी को गांव डाहर में मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। जिसमें आयुष विभाग भी भाग लेगा। हर 2 महीने के बाद एक मेडिकल कैंप आयोजित होगा। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि सोलर लाइटों का भी पूरा विवरण तैयार करके उनके कार्यालय में दिया जाए ताकि गांव में सोलर लाइटें उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि शुगर मिल के चारों ओर व ग्रीनलैंड पर फलदार और छायादार पौधे लगवाए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा हरा भरा वातावरण तैयार किया जा सके।
जनसुनवाई में शुगर मिल के प्रबंध निदेशक नवदीप सिंह ने बताया कि पानीपत कोआपरेटिव की अश्वनी इकाई के लिए यह जनसुनवाई रखी गई है। इस मौके पर एसडीएम विरेंद्र ढुल,हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ कंवलजीत सिंह इत्यादि उपस्थित थे।

Comments