जनता की हर समस्या का होगा समयबद्ध समाधान, प्रशासन पूरी संवेदनशीलता से कर रहा काम: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
जनता समाधान शिविर बना भरोसे का मंच, शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश
बिजली, भूमि, पेंशन और धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन गंभीर, अधिकारियों को सख्त निर्देश
जनसुनवाई से बढ़ा लोगों का विश्वास, हर विभाग को जवाबदेही के साथ निस्तारण के आदेश
BOL PANIPAT , 20 जुलाई। प्रदेश सरकार की जनहितकारी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित जनता समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पडऩे चाहिए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनता समाधान शिविर आम नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभरा है। प्रत्येक विभाग पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करे और शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ वास्तविक रूप से आमजन तक पहुंचे। उपायुक्त ने कहा कि पात्र व्यक्ति को उसके अधिकार समय पर मिलें, यही सुशासन की पहचान है। अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रार्थी को न्याय दिलाना सुनिश्चित करना चाहिए।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि निर्धारित समयसीमा में उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन प्रत्येक शिकायत की प्रगति पर लगातार नजर रख रहा है।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि एक ही स्थान पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
एएसपी हर्षित गोयल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों पर कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और पीडि़तों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी, चोरी, साइबर अपराध तथा अन्य आपराधिक मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा लोगों से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की ठगी या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके संबंध में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में प्रार्थी अमरजीत कौर ने बिजली का नया कनेक्शन उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। राजपाल निवासी जौरासी ने भूमिहीन प्लॉट धारकों के प्लॉटों की निशानदेही करवाने की मांग रखी। प्रेमपाल ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत करते हुए उसमें उचित संशोधन करवाने का अनुरोध किया। ज्योति निवासी नांगल खेड़ी ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की। वहीं यशपाल ने उनके बूथ में चोरी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया। प्रार्थी सुखदेव ने अपनी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति प्रशासन के समक्ष रखते हुए दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Comments