फोस्टर केयर से बच्चों को मिलेगा परिवार का स्नेह, गोद लेने वाले दम्पत्तियों की हर समस्या का होगा समाधान: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
जिला बाल संरक्षण समिति बनी बेसहारा बच्चों का सहारा, फोस्टर केयर व दत्तक ग्रहण के लिए आगे आएं इच्छुक परिवार
BOL PANIPAT , 18 मई। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण समिति तथा बाल कल्याण समिति द्वारा जिले में गुमशुदा, छोड़े गए, लावारिस एवं जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। समिति ऐसे बच्चों की देखभाल, सुरक्षा तथा उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए जिला स्तर पर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्यरत है।
जिला बाल संरक्षण समिति के कार्यालय में ऐसे बच्चे लाए जाते हैं जो नीड केयर एण्ड प्रोटेक्शन तथा चिल्ड्रन इन कॉनफलिक्ट विद लॉ की श्रेणी में आते हैं। इन बच्चों को जिले में संचालित बाल देखरेख केंद्रों में भेजा जाता है ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। जिन बच्चों के माता-पिता अथवा संरक्षक मिल जाते हैं, उन्हें नियमानुसार उनके परिवार को सौंप दिया जाता है। वहीं जिन बच्चों के अभिभावकों का पता नहीं चल पाता, उन्हें दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के लिए आगे भेजा जाता है।
उपायुक्त डॉ.दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिला में कोई स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी नहीं है। दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने तक बच्चों को बाल देखरेख केंद्र अथवा स्पेशल एडॉप्शन संस्थानों में रखा जाता है। इस दौरान बच्चों को पारिवारिक वातावरण देने के उद्देश्य से जेजे एक्ट एवं मॉडल रूल के सेक्शन के तहत अस्थायी रूप से फोस्टर केयर में भी दिया जा सकता है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता ने बताया कि यदि कोई इच्छुक दम्पत्ति बच्चों की देखभाल के लिए फोस्टर केयर में लेना चाहता है तो वह जिला बाल संरक्षण समिति, पानीपत से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा ऐसे दम्पत्ति या परिवार जो बच्चा गोद लेना चाहते हैं और उन्हें किसी प्रकार की समस्या या जानकारी की आवश्यकता है, उनकी जिला बाल संरक्षण समिति द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से सहायता की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बच्चा गोद लेने के इच्छुक दम्पत्ति एवं परिवार प्रत्येक वीरवार प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक जिला बाल संरक्षण समिति कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कमरा नंबर-4, चौथी मंजिल, जिला सचिवालय, पानीपत फोन नंबर: 0180-2641574, 0180-2642574, 9255644002 पर संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को परिवार और अपनापन देना एक महान सामाजिक कार्य है। समाज के सक्षम और संवेदनशील परिवार आगे आकर फोस्टर केयर एवं दत्तक ग्रहण जैसी योजनाओं से जुड़ें ताकि हर बच्चे को सुरक्षित और खुशहाल बचपन मिल सके।

Comments