लाठी, डंडों से मारपीट करने के चार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चार डंडे व एक आई-20 कार बरामद.
BOL PANIPAT , 28 जुलाई : थाना बापौली पुलिस ने गांव खोजकीपुर कला निवासी युवक को बंधक बनाकर लाठी, डंडों से मारपीट करने के चार आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव गेझा मेरठ यूपी हाल झट्टीपुर निवासी केतन, गेझा मेरठ यूपी निवासी हेमंत व झट्टीपुर निवासी सौरव व विरेन के रूप में हुई है।
थाना बापौली प्रभारी सब इंस्पेक्टर पवन ने बताया कि थाना बापौली में गांव खोजकीपुर कलां निवासी सागर पुत्र रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 24 जुलाई की अल सुबह गांव झट्टीपुर निवासी उसका दोस्त केतन शर्मा तथा सौरव रुहल उससे मिलने के लिए गांव में आ रहे थे। वह दोस्त हैप्पी के साथ गांव में मंदिर के पास खड़ा होकर उनका इंतजार करने लगा। करीब 5 मिनट बाद एक आई 20 कार वहा आकर रूकी। कार में सवार केतन ने उसे अपने पास बुलाया। वह और हैप्पी कार के पास गए तो गले लगाने के बहाने कार में पीछे की सीट पर बैठे एक युवक ने खिड़की खोलकर उसे जबरन अंदर खींच लिया और कार को तेज गति से भगा लिया। कार में केतन व सौरव के अलावा तीन अन्य युवक भी सवार थे। उन सभी ने मिलकर कार के अंदर पैरो में डालकर उसके साथ मारपीट की और बाद में एक सुनसान जगह पर ले जाकर डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया।
इस दौरान आरोपियों ने उसकी मारपीट का वीडियो भी बनाया तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोपियों ने मारपीट के बाद दौबारा उसे गाड़ी में डाल लिया और बैग से पिस्तौल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। वह अपनी गलती पूछता रहा, आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी। मारपीट के बाद आरोपी उसको गांव रायमल मतरौली रोड पर कार से नीचे फेंककर फरार हो गए। वह उठकर पास के खेत में बने कमरे के बाहर बेहोशी हालत में गिर गया। सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने उसे देखा और उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी। थाना बापौली में सागर की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर पवन ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चार डंडे व एक आई-20 कार बरामद कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments