6 से 15 तक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के देशव्यापी आहवान पर पानीपत जिले के सैंकड़ों गाँव और बस्तियों में जनसम्पर्क अभियान चलाया जायेगा
BOL PANIPAT : 19 जुलाई आगामी, 6 से 15 तक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के देशव्यापी आहवान पर पानीपत जिले के सैंकड़ों गाँव और बस्तियों में जनसम्पर्क अभियान चलाया जायेगा और 1 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली सीपीआई की”बदलाव जरुरी है विशाल रैली ” में जिले से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को शामिल किया जायेगा। यह निर्णय आज स्थानीय भगत सिंह स्मारक के स्वतंत्रता सेनानी कामरेड टीका राम सखुन हाल में सीपीआई के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में लिया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कामरेड जय भगवान दरियापुर ने की और संचालन सीपीआई के जिला सचिव कामरेड पवन कुमार सैनी एडवोकेट ने किया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप ने सीपीआई की राष्ट्रीय परिषद के निर्णयों की चर्चा करते हुए बताया कि 6 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर जनसम्पर्क अभियान चलाया जायेगा , इस दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 100 वर्षों के क्रांतिकारी गौरवशाली इतिहास के बारें में लोगों को बताया जायेगा और इस संबंध में पर्चे बांटे जायेंगे ।
सीपीआई के प्रदेश सह सचिव एवं जिला प्रभारी कामरेड सत्येंद्र गिरि एडवोकेट ने कहा कि 01 सितंबर 2026 को पार्टी की एक विशाल रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जा रही है, जिसमे पूरे देश से लाखों लोग भाग लेंगे। उन्होंने पानीपत जिले से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को शामिल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की छात्र युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ 20 जुलाई 2026 को ए आई वाई एफ के संसद मार्च, 21 जुलाई को महिलाओं को विधानसभाओं व संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए जंतर मंतर पर महिला फैडरेशन के धरने और 29 जुलाई को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में किसानों, मजूदरों की होने वाली राष्ट्रीय कन्वेंशन में भी भागेदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
सम्मेलन में जंतर मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा जबर्दस्ती ऊठाने की कड़े शब्दों में निंदा की गई। गत दिनों पश्चिम बंगाल के रानीगंज में महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रगतिशील साहित्यकार राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा गिराये जाने पर सम्मेलन में एक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की गई। सम्मेलन में वरिष्ठ अधिवक्ता सूरत सिंह देशवाल , सेवा सिंह मलिक, सन्नोवर राणा, शीश राम तोमर, ओम प्रकाश
कश्यप, सुलतान सिंह उरलाना, कृष्ण लाल लोहारी, जुनेद राणा, बिंदर मलिक, अर्जुन पासवान, भूल्लण,अनवर अली, रामबीर कश्यप, भानुप्रताप, भूपेंद्र, रूपेश सैनी, रामधारी, राज मल सैनी,कृष्ण लाल सैनी, बिंद्र सिंह , राज कुमार, कर्ण सिंह मलिक,विदुर फोर, प्रदीप जिंदल नृपेंद्र सिंह आदि ने भाग लिया।

Comments