घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने पानीपत ग्रामीण विधानसभा के चार गांवों में किया जनसंवाद
-सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन कर जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पंहुचाया
BOL PANIPAT , 3 नवम्बर। घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने शुक्रवार को पानीपत ग्रामीण विधानसभा के गांव बराना, गढ़ सरनाई, खौतपुरा और बडौली में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के कुशल नेतृत्व में मौजूदा प्रदेश सरकार ने संकल्प से सफलता के 9 वर्ष पूरे करते हुए जनहितकारी नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। इस व्यवस्था परिवर्तन में सरकार ने मुश्किलों को दूर करते हुए आम आदमी तक योजनाओं को पहुंचाने का काम किया है। यही कारण है कि आज सभी योजनाओं का फायदा आमजन को सीधे तौर पर मिल रहा है। विधायक हरविंदर कल्याण ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया और युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के योग्यता के आधार पर प्रदेश में सरकारी नौकरियां देने का काम किया।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की शिकायतों का पारदर्शिता से समाधान सुनिश्चित किया। इसी को लेकर सांसद और विधायक भी मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर आमजन की समस्याएं सुनने के लिए जनसंवाद कर रहे हैं। जन संवाद में प्राप्त सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और व्यवस्थाबद्ध तरीके से इनका समाधान भी करवाया जाएगा। प्रदेशवासियों को सरल व सुगम माध्यम से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से शुरू की गई परिवार पहचान पत्र योजना का प्रदेश में व्यापक असर देखने को मिला जिसके परिणाम स्वरूप हरियाणा सरकार की मनोहर योजनाएं समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंची हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश से खर्ची-पर्ची का सिस्टम खत्म कर दिया है। प्रदेश सरकार ने योग्य युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी हैं, जिसकी बदौलत प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता और मेरिट के आधार पर नौकरी मिली है। युवाओं ने अपने बलबूते पर नौकरी पाई है। यह सब सरकार की पारदर्शिता के कारण ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का डंका बजा है जिससे भारत देश की साख पूरे विश्व में बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत देश की अर्थव्यवस्था को सम्भाला है जोकि हम सबके लिए गर्व की बात है, क्योंकि कोरोनाकाल में बड़े से बड़े देशों की अर्थव्यवस्था हिल गई लेकिन प्रधानमंत्री की सूझबूझ और देश के लोगों के धैर्य के कारण ही यह सब सम्भव हो पाया है।
इस मौके पर जनसंवाद में विधायक हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम कर रही है। प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के साथ आमजन का जीवन सुगम बना है। पारदर्शी तरीके से युवाओं को नौकरियां मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संकल्प है कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार, पात्र नागरिक तक पहुंचेे। कार्यक्रमों में भाजपा जिलाअध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और भाजपा नेता हरपाल ढांडा ने भी आमजन को सम्बोधित किया। इस मौके पर ग्राम पंचायतों की ओर से विधायक हरविन्द्र कल्याण को पगड़ी भेंट कर उनका सम्मान भी किया गया। कार्यक्रमों में जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के श्रीपाल,बालकिशन,सादिक और महेंद्र ने ने सरकार की उपलब्धियों को गीतों के माध्यम से सबके समक्ष रखा। इस मौके पर एसडीएम मनदीप सिंह, डीएसपी सुरेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Comments