प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं से सफल रहा एचटेट परीक्षा का आयोजन, अभ्यर्थियों को मिली हरसंभव सुविधा : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
अनुशासन, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ आयोजित हुई एचटेट परीक्षा, 4,372 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर चाक-चौबंद सुरक्षा, निर्बाध व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण रहा एचटेट का आयोजन
कड़ी निगरानी और बेहतर प्रबंधन के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
BOL PANIPAT , 4 जुलाई। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का आयोजन शनिवार को पानीपत जिले में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंध किए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, उड़नदस्ते, सीसीटीवी निगरानी तथा अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग के चलते परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित रही।
जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 5,220 अभ्यर्थियों में से 4,372 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 848 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की समयबद्ध एवं व्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, चिकित्सा सहायता सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से एचटेट परीक्षा के लिए सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को पहले से ही सुदृढ़ किया गया था।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराया।
उपायुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार की पारदर्शी एवं व्यवस्थित कार्यशैली से प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति अभ्यर्थियों का विश्वास और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी संबंधित विभागों का भी आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनुचित गतिविधि की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन कराया गया। परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ किया। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं तथा परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

Comments