सरकार ने काम किए होते तो कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर बताने की नौबत न आती :-सुरेंद्र अहलावत
BOL PANIPAT : 5 जून 2022, आज सर्वजातीय जन पंचायत द्वारा सेक्टर 25 स्थित मुख्य कार्यालय पर तीसरी मासिक पंचायत का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसजेपी के अध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत द्वारा की गई और मंच संचालन प्रधान महासचिव सुधीर जाखड़ द्वारा किया गया । मासिक पंचायत में गाँव व शहर के सैंकड़ो कार्यकर्ताओ ने भाग लिया । इस अवसर पर नंदलाल प्रजापति को एसजेपी की बैकवर्ड पंचायत का अध्यक्ष नियुक्त किया गया और ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अनिल कौशिक द्वारा सुरेंद्र अहलावत को ब्राह्मण समाज की तरफ से पगड़ी पहनाई गयी ।
पंचायत को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत एडवोकेट ने प्रदेश के सत्ताधारी गठबंधन दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि- भाजपा और जेजेपी का गठबंधन मजाक है, क्योंकि कभी गठबंधन तोड़ते हैं, कभी जोड़ते हैं और कई जगह तो निकाय चुनावों में आमने सामने चुनाव लड़ रहे हैं, जो दर्शाता है कि बीजेपी और जेजेपी का गठबंधन अवसरवादी गठबंधन है । पानीपत नगर निगम की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि जनता के खून पसीने के पैसे को फिजूलखर्ची में पानी की तरह बहाया जा रहा है।आज नगर निगम के हर वार्ड में पार्षदों के नाम के दो- दो दर्जन स्टील बोर्ड लगा कर जनता के करोड़ो रुपयों को नष्ट व बर्बाद किया गया है , जिसकी पोल पंचायत जनता के सामने खोलेगी । सरकार पर कटाक्ष करते हुए अहलावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार के काम बताने के लिए घर घर जाना पड़ रहा है यदि सरकार ने कार्य किए है तो बताने की नौबत कैसे आन पड़ी है ।उन्होंने कहा कि जनता तो छोड़िए सरकार से स्वयं भाजपा के 99% कार्यकर्ता दुखी व पीड़ित है।
एसजेपी के संयोजक डॉ० नरेंद्र जेसिया ने अपने संबोधन में कहा कि- सर्वजातीय जन पंचायत समालखा के नगर पालिका चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को हराने का काम करेगी । वहीं जिस उम्मीदवार का समर्थन करना है, इसके बारे में जल्द ही कोर कमेटी चिंतन कर उचित निर्णय लेगी और समालखा नगर पालिका चुनाव में एसजेपी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी ।
कोर कमेटी के सदस्य अजय सिंगला ने कहा कि- एक महीने में संगठन का विस्तार कर जुलाई में एसजेपी जनता की व्यापक समस्याओं को लेकर सड़को पर संघर्ष करेगी और सरकार को घेरने का काम करेगी ।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष जितेंद्र जुनेजा (राजू अचारवाला), पानीपत ग्रामीण हल्का प्रधान जसबीर कादियान, सचिव बलवान शर्मा, भीम सिंह रोड़, सरदार हरबैल सिंह मक्कड़, डॉ रामकरण वर्मा, मीडिया प्रभारी डॉ० जगबीर कादियान, यशपाल पंवार, सरपंच अजमेर देशवाल, संदीप राणा,सुमित हरि नगर, सुरेंद्र मास्टर, मनीष मराठा, राजेन्द्र बिंझौल, सुमेर शिमला मौलाना, अंग्रेज कुटानी, पम्मी पहलवान, देवेंद्र जाटल, राजू मलिक राजाखेड़ी, एडवोकेट राकेश बबैल आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

Comments