घर बैठे ऑनलाइन करे अपनी प्रॉपर्टी के डाटा में सुधार: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 5 सितम्बर। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण(एचएसवीपी) द्वारा प्लाट और सम्पत्ति प्रबंधन पोर्टल पर डाटा सुधार की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। इस सुधार प्रक्रिया के लिए एचएसवीपी द्वारा एक नया डाटा सुधार मॉडल तैयार किया गया है, जिसका इस्तेमाल कर सभी आवंटी अब सीधे पोर्टल के माध्यम से अपनी सम्पत्ति डाटा बेस में सुधार के लिए एचएसवीपी से अनुरोध कर सकते हैं।
उपायुक्त सुशील सारवान ने इस सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया कि सर्व प्रथम आवंटी को एचएसवीपी के पोर्टल पर अपने डाटा सुधार का अनुरोध भेजना होगा। पोर्टल पर अनुरोध स्वीकार होते ही एचएसवीपी द्वारा सम्बंधित अनुरोध पर टिकट जनरेट की जाएगी। इस उपरान्त आवंटी को रसीद जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदन का स्टेटस जानने के लिए रसीद पर दिए गए क्यू आर कोड को स्केन कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर आवंटी को अधिसूचना जारी की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि एचएसवीपी विभाग द्वारा ऑनलाईन माध्यम से मिलने वाले प्रत्येक अनुरोध का बेहतर प्रबंधन करने के साथ-साथ इसमें पारदर्शिता भी बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर मिले अनुरोधों का शीघ्र निस्तारण हो सके, इसी उद्ेश्य को ध्यान में रखते हुए पोर्टल को अनुरोधकर्ता की सुविधा के हिसाब से यूजर फ्रेंडली रखा गया है। इसी कड़ी में पोर्टल से जुड़ी अन्य किसी जानकारी के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के टोल फ्री नम्बर 18001803030 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

Comments