उद्यमी से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने की वारदात का महज 24 घंटे के दौरान पुलिस ने किया पर्दाफाश. दो आरोपी गिरफ्तार.
-आरोपियों ने शार्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए सोशल मीडिया पर रंगदारी की घटनाएं देखकर वारदात को अंजाम दिया
BOL PANIPAT : 31 अक्तूबर 2023, सीआईए वन पुलिस टीम ने पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए उद्यमी से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने की वारदात को महज 24 घंटे के दौरान ही सफलता पूर्वक सुलझाते हुए दो आरोपियों को काबू करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। आरोपियों की पहचान बिलाल व इरफान निवासी बापौली के रूप में हुई।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि माडल टाउन निवासी उद्यमी प्रकाश मिगलानी ने सोमवार को थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में शिकायत देकर बताया था की सेक्टर 29 में उसकी हैंड टैक्स के नाम से फैक्टरी है। 27 अक्तूबर की शाम करीब 4 बजे वह फैक्टरी गया तो गार्ड बरजेस कुमार पांडेय ने बताया की दोपहर करीब 12:30 बजे एक लड़का जिसने अपने चेहरे पर रूमाल ढका हुआ था फैक्टरी में आया और एक लिफाफा देकर गया है। लिफाफे को खोलकर चैक किया तो उसमे एक छोटी पर्ची अंबुजा प्लस रूफ स्पेशल निकली। जिस पर लाल पेन की स्याही से धमकी भरा मैसेज लिखा था। विनीत मिगलानी या कोई भी हो मुझे 50 लाख रूपए की रंगदारी चाहिए। रविवार तक हा या ना में जवाब चाहिए। जो भी जवाब हो इसी प्रकार गार्ड को लिखकर दे देना। चालाकी करने की कोशिश की तो कुछ भी हो सकता है। उसके बाद दूसरा पत्र मिल जाएगा। पहले जवाब चाहिए दूसरे पत्र में सब कुछ बता दिया जाएगा। उद्यमी की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के संज्ञान में उक्त मामला आते ही उन्होंने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए वन पुलिस टीम को सौंपी थी। सीआईए वन टीम ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर जांच कर वारदात का पर्दाफाश करते हुए मंगलवार देर शाम बापौली हरिद्वार बाइपास से दो आरोपियों को काबू करने में कामयाबी हासिल की। पूछताछ में आरोपियों ने उद्यमी से रंगदारी मांगने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों की पहचान बिलाल पुत्र साजिद व इरफान पुत्र दिन्ना निवासी बापौली के रूप में हुई।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों बताया आरोपी बिलाल की गांव में परचून की दुकान है व आरोपी साजिद रंग पेंट का काम करता है। आरोपी बिलाल करीब एक साल पहले सेक्टर 29 में साईड वाली फैक्टरी में सुपर वाइजर का काम करता था। उसको मिगलानी की फैक्टरी के बारे में भी जानकारी थी।
आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ दोनों आरोपियों ने मिलकर शार्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने की योजना बनाई और सोशल मीडिया पर रंगदारी की घटनाएं देखकर लिफाफे में पर्ची डालकर उद्यमी मिगलानी से रंगदारी मांगने की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस टीम दोनों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश करेगी जहा से गहनता से पूछताछ करने के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर हासिल किया जाएगा।

Comments