चोरी के मामलों में पांच वर्ष से फरार चल रहा 25 हजार का इनामी चोर चढ़ा पानीपत पुलिस के हत्थे.
बाइक चोरी, जानलेवा हमला, भैंस चोरी व गृह भेदन की 48 से अधिक वारदातों में है शामिल, चोरीशुदा 9 बाइक बरामद.
आरोपी के साथी को नवम्बर 2020 में गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी की 53 बाइक बरामद की गई थी.
BOL PANIPAT : 23 सितम्बर 2022, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में कार्रवाही करते हुए सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह की टीम ने पांच वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी मुर्शीद निवासी जलालाबाद यूपी बाइक चोरी, गृह भेदन, जानलेवा हमला व भैंस चोरी की 48 से अधिक वारदातों में शामिल रहा है। इसके अतिरिक्त आरोपी वर्ष 2017 में थाना बापोली में दर्ज हरियाणा गौवंश संरक्षण और गौसंवर्धन अधिनियम सहित जानलेवा हमले के एक मामले में भी फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया नवम्बर 2020 में सीआईए वन की टीम ने विशेष जानकारी जुटाकर दबिस देते हुए यूपी के कैराना निवासी आरोपी हासिम उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से पानीपत व आसपास के जिलों से चोरी की गई 53 बाइक बरामद की थी। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मुर्शीद निवासी जलालाबाद शामली यूपी के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। आरोपी हासिम को न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद फरार आरोपी मुर्शीद की धरपकड़ के लिये सीआईए वन की टीम ने प्रयास शुरू कर दिए थे।
पांच वर्ष से चल रहा था आरोपी फरार:
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया सीआईए वन व थाना चांदनी बाग की टीम आरोपी मुर्शीद को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिस दे रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए लगातार ठीकाने बदल कर रह रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया गत दिनों बाइक चोरी व गृह सहित अपराधिक मामलों में संलिप्त फरार आरोपियों के रिकार्ड का अवलोकन किया गया तो आरोपी मुर्शीद सूची में सबसे उपर मिला। आरोपी पांच वर्ष से फरार चल रहा था।
गत महीने रखा था 25 हजार का इनाम
आरोपी की धरपकड़ के लिये पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन की अनुशंसा पर वर्ष 2022 में हरियाणा पुलिस मुख्यालय की ओर से आरोपी खुर्शीद पर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया सीआईए वन व थाना चांदनी बाग की टीम फरार आरोपी मुर्शीद को पकड़ने के लिये गहनता से प्रयासरत थी। 21 सितम्बर बुधवार की सायं गश्त के दौरान सीआईए वन की टीम को आरोपी मुर्शीद के नूरवाला में गंदा नाला पुलिया के पास घूमने बारे गुप्त सूचना मिली तो टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने साथी आरोपी हासिम के साथ मिलकर पानीपत में विभिन्न स्थानों से 48 से अधिक बाइक चोरी की वारदातों में शामिल होने बारे स्वीकारा। इसके अतिरिक्त आरोपी जानलेवा हमला, भैंस चोरी व गृह भेदन की भी कई वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया पुलिस टीम ने आरोपी मुर्शीद से बाइक चोरी की अन्य वारदातों बारे गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने नशे की हालत में जिला में विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी की 9 वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी बाइक चोरी कर सनौली यमुना के नजदीक झाड़ियों में छुपाकर खड़ी कर देता था। आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा उक्त 9 बाइक बरामद कर इनके मालिकों की पहचान ना होने पर 102 सीआरपीसी के तहत कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी मुर्शीद को माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments