मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में देश को हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है : हरपाल ढांडा
BOL PANIPAT : मोदी सरकार के विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अमृत काल के 11 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों और सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित योजनाओं की जानकारी को लेकर आज वार्ड नंबर 25 की पार्षद मनजीत कौर के कार्यालय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा हिसार में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण अपने बड़े भाई व वरिष्ठ समाजसेवी हरपाल ढांडा को मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम में भेजा।
हरपाल ढांडा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में देश को हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक रूप से प्रगति की है, बल्कि गरीब, किसान, महिला और युवा को भी मजबूत किया है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, जन-धन योजना, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वन नेशन वन राशन कार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे इन योजनाओं ने आमजन का जीवन बदला है।
उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर सम्मान और विश्वास की दृष्टि से देखा जा रहा है। जी-20 की अध्यक्षता, रिकॉर्ड विदेशी निवेश, मजबूत रक्षा तंत्र और युवाओं को स्टार्टअप से जोड़ने की दिशा में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। श्री हरपाल ढांडा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को प्रत्येक घर, गली और मोहल्ले तक पहुंचाएं और सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण की इस यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें।
कार्यक्रम में भाजपा नेता रघुनाथ तंवर कश्यप ने भी संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दी है। अन्य भाजपा नेताओं ने भी सरकार की नीतियों और योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वार्ड के गणमान्य नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा व युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Comments