जनता समाधान शिविर प्रशासन की कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक: उपायुक्त. डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया
-सभी समस्याओं का निश्चित समय पर होगा समाधान: एसडीएम मनदीप
-जनता समाधान शिविर भरोसे का मंच: निगम संयुक्त आयुक्त
-हर शिकायत पर होगी निष्पक्ष कार्रवाई: डीएसपी सतीश वत्स
-जनता समाधान शिविर में 24 शिकायतों की सुनवाई, कई का मौके पर समाधान
BOL PANIPAT , 16 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देशानुसार जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए प्रभावी और भरोसेमंद मंच साबित हो रहे हैं। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित शिविर की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन की कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक हैं। हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि हर शिकायत का समाधान निर्धारित समय-सीमा में और पूरी पारदर्शिता के साथ हो। किसी भी फरियादी को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसकी समस्या अनसुनी रह गई।
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं और समाधान की प्रगति की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करें। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या टालमटोल सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल सुनवाई करना नहीं, बल्कि परिणाम देना है।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है, और उसे बनाए रखना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। शिविर में फैमिली आईडी में आय संशोधन, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली से संबंधित 24 शिकायत आई जिनके उपायुक्त ने संबंधित विभाग को समाधान के निर्देश दिए।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा, शिविर में प्राप्त हर शिकायत को गंभीरता से दर्ज कर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि किसी भी नागरिक को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित करना ही हमारी प्राथमिकता है।
निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि, नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष निगरानी तंत्र लागू किया गया है। हर शिकायत पर प्राथमिकता से कार्रवाई होगी। जनता समाधान शिविर हमें सीधे नागरिकों की अपेक्षाओं से जोड़ते हैं, जिससे कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन रही है।
पुलिस उपाधीक्षक सतीश वत्स ने भी आश्वस्त किया कि पुलिस से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में प्रार्थी कृष्णकांत मनी पाठक (सेक्टर-13) ने बताया कि उनका बिजली बिल गलत आया है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, मैं कई बार संबंधित कार्यालय गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जनता समाधान शिविर में आकर मुझे उम्मीद जगी है कि अब मेरी समस्या का स्थायी समाधान होगा। एमडी आरिफ़ ने राशन कार्ड दोबारा शुरू करवाने की मांग रखते हुए कहा, राशन कार्ड बंद होने से परिवार को काफी दिक्कतें हो रही हैं। प्रशासन से अनुरोध है कि जल्द से जल्द इसे बहाल किया जाए। जितेंद्र (चंदौली निवासी) ने अवैध कब्जा हटवाने से संबंधित शिकायत दर्ज करवाई और और प्रशासन से उम्मीद कि की इस समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन ठोस कदम उठाएगा।
प्रार्थी यशपाल ने बिशन स्वरूप कॉलोनी के अवैध कब्जे की शिकायत रखते हुए कहा, कॉलोनी में अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन से अनुरोध है कि जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर सीएम विंडो से कृष्ण आर्य, सुरेंद्र जोगी, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, एलडीएम राजकुमार, डॉ. ललित वर्मा, फिशरी अधिकारी मदन मोहन, पुलिस विभाग से महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। जनता समाधान शिविर के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

Comments