कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक ने किया मडलौडा में दुकानों का निरीक्षण
किसानों को समय पर पूरी खाद उपलब्ध करवाएं विक्रेता: डॉ. सोलंकी
BOL PANIPAT, 4 दिसंबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा के संयुक्त निदेशक (सांख्यिकी) डॉ. आर एस सोलंकी ने रविवार को मडलौडा खंड में खाद व कीटनाशक दवाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां दुकानों में उपलब्ध खाद व कीटनाशकों के रिकॉर्ड का अवलोकन किया, वहीं पीओएस मशीन का भी बारीकी से निरीक्षण किया ताकि कोई दुकानदार खाद वितरण मे ंकिसी प्रकार की गड़बडी न कर सके। इस दौरान डॉ. सोलंकी ने सभी खाद व कीटनाशक दवा विक्रेताओं को चेतावनी दी कि खाद वितरण में किसी प्रकार की कोताही न बरतें और समय पर तथा पूरा खाद किसानों को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। जिस भी दुकानदार द्वारा गड़बड़ी की जाएगी तो उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही भी करवाई जाएगी। इस दौरान उनके साथ गुण नियंत्रण निरीक्षक शमशेर सिंह दलाल, उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ. अनिल नरवाल व कृषि विकास अधिकारी राकेश भी मौजूद रहे। डॉ. सोलंकी के नेतृत्व में इस टीम द्वारा संयुक्त रूप से मडलौडा में मैसर्ज राजेश ट्रेडिंग कंपनी व सुरेन्द्र खाद एजेंसी पर उपलब्ध खाद का अवलोकन किया गया। यहां पर स्टॉक रिकॉर्ड अनुसार पाया गया। इस दौरान डॉ. सोलंकी ने बताया कि रबी-2022 की फसल में मुख्य रूप से गेहूं की बुआई हो चुकी है और अब किसानों द्वारा डीएपी व यूरिया खाद की मांग के चलते कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा खाद की उपलब्धता को लेकर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में खाद की कमीआड़े नहीं आने दी जाएगी और काला बाजारी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने किसानों का भी आह्वान किया कि वे खाद की कमी को लेकर अफवाहों से बचें और अपनी जरूरत के अनुसार ही खाद की खरीद करें। फसलों में सही संतुलित खाद का प्रयोग करें और हो सके तो जैविक खादों का इस्तेमाल अधिक करना चाहिए।
जिले में खाद की कमी नहीं: डॉ. वजीर
कृषि एव ंकिसान कल्याण विभाग पानीपत के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि जिले में यूरिया व डीएपी खाद की कोई कमी नहीं है। जिले में इस समय 1.20 लाख कट्टे यूरिया खाद के उपलब्ध हैं। वहीं खाद बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर जहां एक खाद विक्रेता के विरूद्ध एफ आई आर करवाई जा चुकी है, वहीं दो के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर व पूरी खाद उपलब्ध करवाने को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

Comments