Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


दशहरा कमेटी और सेवा भारती के साथ संयुक्त रूप से झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे निर्धन बच्चों को शिक्षित करने के लिए उनका खर्च वहन करेगी: रमेश माटा

By LALIT SHARMA , in RELIGIOUS SOCIAL , at February 27, 2022 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : (27 फरवरी) दशहरा कमेटी सनौली रोड की जनरल बैठक में दशहरा कमेटी का एक जत्था 24 मार्च से 27 मार्च तक अयोध्या तीर्थ यात्रा पर जाने का निर्णय लिया गया। यह जत्था श्री राम मन्दिर निर्माण हेतु ट्रस्ट को दशहरा कमेटी की ओर से सहयोग राशि भी प्रदान करेगी। दशहरा कमेटी द्वारा 16 अप्रैल को श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने व विशाल शोभायात्रा निकालने का भी निर्णय लिया गया। रविवार को हुडा सेक्टर 24 स्थित दशहरा कमेटी द्वारा संचालित श्री रघुनाथ धाम में दशहरा कमेटी की एक जनरल बैठक प्रधान रमेश माटा की अध्यक्षता में श्री हनुमान चालीसा के पावन पाठ से शुरू हुई। प्रधान रमेश माटा ने बताया कि 24 मार्च से 27 मार्च तक दशहरा कमेटी का एक जत्था अयोध्या, प्रयागराज, काशी विश्वनाथ के दर्शन हेतु तीर्थ यात्रा पर जाएगा। इस दौरान दशहरा कमेटी के जत्थे द्वारा श्री रामलला के दर्शन के पश्चात श्री राम मन्दिर ट्रस्ट को एकत्रित की गई सहयोग राशि भी श्रीराम मन्दिर निर्माण हेतु प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने के लिए दशहरा कमेटी नगर की सभी संस्थाओं के साथ बढ़चढ़कर भाग लेगी। उन्होंने बताया कि श्री हनुमान जन्मोत्सव के तहत पूरे नगर को स्वागत द्वारों व बालाजी से लाई गई ध्वजाओं से सजाया जाएगा। साथ ही पूरे परिक्रमा मार्ग पर स्पीकर लगाकर श्रीराम व हनुमान जी के भजनों को प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्री हनुमान जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने के लिए पानीपत नगर की सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ हनुमान सभाओं को आमंत्रित किया जाएगा उन्होंने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए पानीपत नगर के बाजारों के एसोसिएशन के प्रधान व श्री सनातन धर्म संगठन, सबको रोशनी फाउण्डेशन से भी सहयोग करने की अपील की गई।

यह कार्यक्रम श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति के तहत आयोजित किया जाएगा और एक विशाल शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा कांशी गिरि मन्दिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख बाजारों से होते हुए देवी मन्दिर में संपन्न होगी। जिसमें पानीपत नगर के हनुमान स्वरूप सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि दशहरा कमेटी और सेवा भारती के साथ संयुक्त रूप से झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे निर्धन बच्चों को शिक्षित करने के लिए उनका खर्च वहन करेगी। माटा ने बताया कि झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चे अक्सर सड़कों पर भीख मांगते रहते हैं और उनका भविष्य अंधकारमय देखते हुए दशहरा कमेटी ने सेवा भारती के साथ पहल करके इन बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करेंगे तथा स्कूल के लिए स्थान भी रघुनाथ धाम में उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके। इन बच्चों को शिक्षित करने के लिए दोनों संस्थाएं मिलकर खर्च वहन करेंगी। महासचिव श्याम सुन्दर बतरा ने बताया कि 2 से 9 अप्रैल को श्रीमद् भागवत कथा का वाचन पं. रामेश्वर शास्त्री करेंगे तथा 10 अप्रैल को श्री रामनवमी धूमधाम से मनाई जाएगी। जिसके अंतर्गत एक शाम राम जी के नाम का संकीर्तन गुरू माँ द्वारा किया जाएगा तत्पश्चात सत्संग के साथ भण्डारा भी किया जाएगा। इससे पूर्व 5 मार्च को श्री रघुनाथ धाम में होली महोत्सव के तहत श्री किशोरी कृपा संकीर्तन परिवार द्वारा संकीर्तन किया जाएगा। संरक्षक सूरज दुरेजा सनातन धर्म संगठन के प्रधान कृष्ण रेवड़ी, वेद बांगा, पुरूषोत्तम शर्मा ने समारोह को भव्य बनाने के लिए अपने अपने विचार रखे। बैठक में आज तीन नए सदस्यों सतीश जुनेजा, हेमन्त लखीना और पवन जुनेजा को प्रधान रमेश माटा ने पटका व स्मृति चिन्ह देकर दशहरा कमेटी का सदस्य बनाया।  बैठक मंे संरक्षक सूरज दुरेजा, तिलक राज छाबड़ा, अशोक नारंग, प्रीतम गुलाटी, लीला कृष्ण भाटिया, कृष्ण गोपाल सेठी, महेश पाहूजा, चांद मुल्तानी, बसंत रामदेव, पंकज सेठी, श्रीकृष्ण शर्मा, दीनानाथ, प्रवीण जुनेजा, हरबंस लाल अरोड़ा, किशोर अरोड़ा, डा. रमेश चुघ, कैलाश नारंग, कैलाश लूथरा, महेन्द्र पसरीचा आदि उपस्थित थे।

Comments