संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी कलश यात्रा: मंत्री कृष्ण लाल पंवार
सामाजिक समरसता और समानता का बनेगा महाअभियान
गुरु रविदास के 650वें प्रकटोत्सव को ऐतिहासिक बनाएगी हरियाणा सरकार
श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का बनेगा महापर्व, प्रदेशभर में गूंजेगा संत रविदास का संदेश
हर जगह होगा यात्रा का जोरदार स्वागत
BOL PANIPAT , 4 अगस्त। हरियाणा के पंचायत एवं विकास तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में निकाली जा रही प्रदेशव्यापी कलश यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गुरु रविदास जी के आदर्शों और विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कलश यात्रा जिलों, गांवों, वार्डों, मंडलों और बूथों तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से संत गुरु रविदास के समानता, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे समाज में एकता और सौहार्द की भावना और अधिक मजबूत होगी। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पानीपत जिले में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पूरे उत्साह के साथ कलश यात्रा का स्वागत करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संतों और महापुरुषों की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गुरु रविदास का जीवन सत्य, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण संभव है। कैबिनेट मंत्री पंवार ने विश्वास जताया कि प्रदेशव्यापी कलश यात्रा समाज में सामाजिक समरसता को नई मजबूती देगी और गुरु रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Comments