खादी सेवा संकल्प महोत्सव: पीएनबी आरसेटी पानीपत में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग द्वारा विशेष जागरूकता शिविर और रैली का आयोजन
खादी नहीं है सिर्फ एक वस्त्र, यह है आत्मनिर्भरता का अचूक अस्त्र: हितेंद्र सिंह हुड्डा
संस्थान ने मनाया खादी सेवा संकल्प महोत्सव
BOL PANIPAT, 17 सितंबर 2026: खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) अंबाला और पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पानीपत के संयुक्त तत्वावधान में आज महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगारपरक योजनाओं से जोड़ना है।
इस विशेष अभियान के तहत खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग अंबाला के सहायक निदेशक-द्वितीय श्री हितेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य वक्ता के रूप में संस्थान पहुंचे। उन्होंने संस्थान में महिला परिधान (वीमेन गारमेंट्स) का प्रशिक्षण ले रहीं संभागियों के 04 अलग-अलग बैचों (दलों) को आयोग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार कार्यक्रमों और मिलने वाले अनुदान व वित्तीय सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संस्थान में प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के बाद, विभागीय टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों का रुख किया। इसके अंतर्गत ग्राम बराना में 50 महिलाओं को और ग्राम चुलकाना में भी 50 महिलाओं को आयोग की योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं को स्वयं का उद्योग शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही, ‘खादी सेवा संकल्प महोत्सव’ के अंतर्गत दोनों गांवों में एक भव्य जागरूकता अभियान और रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से ग्रामीणों को खादी अपनाने, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस पूरे कार्यक्रम और जागरूकता रैली को सफल बनाने में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हितेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक दिलबाग सिंह, सहायक अनिल कुमार एवं सहायक राजकुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

Comments