Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत नैफ्था क्रेकर में L-2 आपदा ड्रिल का अभ्यास सफलतापूर्वक सम्पन्न

By LALIT SHARMA , in Business , at May 30, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT :- 30 मई, 2022, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स (पीआरपीसी) द्वारा आग एवं  गैस जैसे खतरे से निपटने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित किए जाते हैं।  इसी कड़ी में दिनांक 28.05.2022  को पानीपत नेफ्था क्रैकर संयंत्र में विभिन्न विभागों के द्वारा आग के खतरे से निपटने की तैयारियों तथा इस संबंध में स्थापित दिशानिर्देशों के अनुसरण में आपातकालीन कार्य प्रणाली के सही आंकलन करने हेतु एक ऑनसाइट आपदा ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। 

इस ड्रिल का परिदृश्य ” रिएक्टर-1 के आउटर कूलर E-1201A से  फ्लेंज लीक होने के परिणामस्वरूप यू.वी.सी.ई. और जेट फायर” को दर्शाया गया था। 23:30 बजे रिएक्टर-I के बाहरी कूलर E-1201-A के मध्य में 8” गैसकिट से निकला हुआ लाइन में रिसाव हुआ, जिससे जमीनी स्तर पर वाष्प बादल का निर्माण हुआ। लीक हुआ हेक्सेन सीधा पंप P-1201-A के संपर्क में आया। पंप सील कॉलर ढीला था और यह घूम रहा था। शाफ्ट के रगड़ने से चिंगारी उत्पन्न हुई इसके परिणामस्वरूप वाष्प बादल (UVCE) में विस्फोट  हुआ। विस्फोट के कारण चारों ओर भीषण आग लग गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

अग्नि एवं सुरक्षा विभाग के शिफ्ट प्रभारी ने मुख्य सुरक्षा प्रबन्धक से चर्चा करके आपातकालीन सायरन बजाने का आदेश दिया और 23:45 बजे मुख्य महाप्रबंधक (ई.एस., निरीक्षण व आई.एस.) श्री चूरामन ने इस घटना को L-2 आपदा घोषित कर दिया। उसके बाद पानीपत नेफ्था क्रैकर एवं रिफाइनरी के सभी संबन्धित अधिकारी एंव कर्मचारी स्थिति को नियंत्रण करने मे लग गए।

आपातकालीन सायरन बजते ही फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ साइट पर पहुंच गई और आग पर काबू करने के लिए फायर मॉनिटर और वाटर कर्टन के माध्यम से आपातकाल नियंत्रण कार्य प्रारंभ किया। श्री गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक एवं रिफ़ाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी को इस बारे सूचना दी गई जो तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आंकलन करके लगभग एक घंटे के अथक प्रयास  के बाद 00:35 बजे स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण करके  स्थिति सामान्य होने की घोषणा की गई।

इस आपदा ड्रिल के बाद एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।  इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा श्री सिकदर तथा संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। यह डिब्रीफिंग सत्र रिफाइनरी मुख्यालय द्वारा निर्गत दिशानिर्देशों के अनुसार आयोजित किया गया जिसमे गैस व आग की रोकथाम के लिए और पूरी सावधानी के साथ-साथ  तत्परता से  कार्रवाई करने पर बल दिया गया। श्री सिकदर ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना की तथा इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी दिए।

Comments