“ऑपरेशन आक्रमण” के तहत अपराध व अपराधियों पर जिला पुलिस की बड़ी कार्यवाही आपराधिक मामलों में संलिप्त 116 आरोपी गिरफ्तार.
अवैध हथियार, आबकारी व जुआ अधिनियम के 32 मामले दर्ज। अवैध 3 देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, 347 बोतल देसी शराब, 6 लीटर लाहन, 2 बोतल बीयर व जुए में दाव पर लगी 23720 रुपए की नगदी एवं चोरी की 10 बाइक, एक ट्रैक्टर, एक मोबाइल फोन बरामद.
8 पीओ, 1 बेल जंपर के अतिरिक्त पुराने केसों के 56 आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 5 सितम्बर 2022, पुलिस महानिदेशक हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल (आईपीएस) के आदेशानुसार अपराधों पर अंकुश लगा आरोपियों की धरपकड़ के लिए 5 सितम्बर सोमवार को सुबह 6 बजे से सायं 4 बजे तक चलाए गए ऑपरेशन आक्रमण के तहत पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन (आईपीएस) के मार्गदर्शन में कार्यवाही करते हुए जिला पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आपराधिक मामलों में संलिप्त 116 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की हैं।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन (आईपीएस) ने “ऑपरेशन आक्रमण” के तहत जिला में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 78 टीमे गठित कर सभी को विशेष दिशा निर्देश दिये थे। सभी टीमें सोमवार सुबह 6 बजे से ही अपने-अपने क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ में सक्रिय हो गई थी, टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देते हुए गैर कानूनी कार्यों व अपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीमों का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र अधिकार में अपराध व अपराधियों जानकारी जुटाने के साथ ही आमजन को भी उनके आसपास होने वाल अपराधों की जानकारी शीघ्र अति शीघ्र पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 32 मुकदमें दर्ज किये। जिनमें अलग-अलग थाने में आबकारी अधिनियम के तहत 23 मामले दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से 347 बोतल देसी शराब, 6 लीटर लाहन व 2 बीयर की बोतल बरामद की गई। जुआ अधिनियम के तहत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 मामले दर्ज कर आरोपियों के कब्जे से दांव पर लगी 23720 रुपए की नगदी बरामद की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 मामले दर्ज कर तीन अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वही नशा तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 वारदातों का खुलासा करते हुए कब्जे से चोरी की 9 बाइक बरामद की गई। चोरी के 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 वारदातों का खुलासा कर इनके कब्जे से एक बाइक बरामद की। स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 1 मोबाइल फोन व 500 रुपए नगदी बरामद की गई। इसके साथ ही 8 पीओ व 1 बेल जंपर अपराधी को गिरफ्तार किया गया। वही पुराने आपराधिक मामलों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अपराधियों की धरपकड़ के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन (आईपीएस) ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने व आरोपियों की धरपकड़ के लिये जिले में समय-समय पर ऑप्रेशन आक्रमण जैसे अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेंगे। अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है। उन्होने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा की किसी भी तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में सूचना नजदीकी पुलिस थाना, अपराध शाखा, चौकी, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 नंबर पर दे । सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी, वही आरोपियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Comments