21 सितंबर को आर्य कॉलेज में होगा मेगा रक्तदान शिविर- उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
17 अक्तूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान
सेवा, सहयोग और जनभागीदारी से जनकल्याण को मिलेगी नई गति,
स्कूलों में चित्रकला-निबंध प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे आंगन उत्सव
BOL PANIPAT , 19 सितंबर। जिले में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्तूबर तक चलेगा। अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और सहभागिता की भावना को मजबूत करने का व्यापक प्रयास है। अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि सेवा और जनकल्याण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान से जुडक़र सामाजिक सरोकारों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत 21 सितंबर को आर्य कॉलेज परिसर में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ और ‘आंगन मिलन सेवा’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा सेतु अभियान’ तथा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से सेवा कार्यों में नए विचारों और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं ‘सुशासन सेवा’ के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनकल्याण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर रहेगा। विद्यालयों में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 24 सितंबर को स्थानीय मॉडल संस्कृति स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी आंगन उत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं तथा इनमें आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इसी कड़ी में शनिवार को जिला सचिवालय के सभागार में इसराना के एसडीएम नवदीप कुमार ने बैठक लेकर अभियान के तहत 5 और 6 अक्तूबर को होने वाले नुक्कड़ नाटकों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में पूर्व मेयर अवनीत कौर, रंगोली प्रतियोगिता से संबंधित चर्चा में भाजपा नेता कृष्ण छोक्कर, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जिला कोऑर्डिनेटर संदीप रत्तेवाल सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments