मेरा युवा भारत अभियान को मिलेगा जन-जन का साथ, 15 अगस्त तक युवा करें रिकॉर्ड पंजीकरण: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की होगी निर्णायक भागीदारी, माई भारत पोर्टल से जुडऩे की अपील
देश में 5 करोड़ युवाओं को जोडऩे का राष्ट्रीय लक्ष्य, पानीपत में भी तेज होगा पंजीकरण अभियान
युवा शक्ति बनेगी विकसित भारत की आधारशिला, डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने युवाओं से किया आह्वान
BOL PANIPAT , 20 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (माई भारत) द्वारा 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक पूरे देश में सघन पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल से जोड़ते हुए देशभर में 5 करोड़ युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त करना है। जिले में भी इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिले के युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। मेरा युवा भारत केवल एक डिजिटल पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोडऩे वाला एक सशक्त मंच है। उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक युवा अपना पंजीकरण करवाकर देश के विकास, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का हिस्सा बनें। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि पंजीकृत युवाओं को समय-समय पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, बजट क्वेस्ट, नेतृत्व विकास कार्यक्रम, कौशल विकास गतिविधियां, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सेवा और अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रेमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ संवाद करने जैसे विशेष अवसर भी प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), विद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों तथा अन्य शिक्षण एवं सामाजिक संस्थानों में विशेष पंजीकरण शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम, संवाद गोष्ठियां एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान प्रत्येक स्वयंसेवक, नामित प्रभारी एवं परिसर प्रतिनिधि अपने-अपने रेफरल कोड के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोडऩे के लिए प्रेरित करेंगे। इससे प्रत्येक व्यक्ति द्वारा कराए गए पंजीकरण का आकलन किया जा सकेगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों एवं संस्थानों को भविष्य में सम्मानित भी किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की कि वे डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटमाईभारतडॉटजीओवीडॉटइन पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपना पंजीकरण अवश्य करें तथा विकसित भारत के निर्माण की इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सहयोग से ही आत्मनिर्भर, विकसित और सशक्त भारत का सपना साकार होगा।

Comments