Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो द्वारा पानीपत ज़िले में छठा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 25, 2022 Tags: , , , , ,

-विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित

BOL PANIPAT । नशा मुक्त भारत अभियान को जन जागृति अभियान बनाने के लिए वर्ष 1999 से हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के प्रमुख एवं अंबाला मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री श्रीकांत जाधव साहब दिन रात एक किए हुए हैं। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में ब्यूरो प्रतिदिन ऐसे अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज रही है तो सूखे नशे अर्थात ड्रग्स का व्यापार करते हैं।

इतना ही नहीं उन्होंने हरियाणा राज्य को पूर्ण रूप से नशा मुक्त करने के लिए जागरूकता अभियान का भी बीड़ा उठाया हुआ है। तभी तो वे स्वयं और उनके अधीन सेवारत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गांव गांव जाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं। ये शब्द हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में नियुक्त जागरूकता अभियान एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बापोली में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया हुआ था।

उन्होंने बताया कि आज युवा पीढ़ी जिस गति से नशे के सेवन की ओर अग्रसर है यह बहुत ही चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो प्रमुख अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव साहब ने हरियाणा राज्य में नशे के विरुद्ध एक ऐसी लहर चलाई है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इस विषय को गंभीरता से ले और विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9050891508 पर नशे के व्यापारियों की गुप्त सूचना दे तो थोड़े समय में ही नशा मुक्त हरियाणा का सपना साकार होगा। उन्होंने श्री श्रीकांत जाधव साहब द्वारा वर्ष 1999 में प्रयास के गठन का वर्णन करते हुए कहा कि एक ह्रदय विदारक घटना ने उनकी रातों की नींद उड़ा दी थी। घटना एक युवती की है जिसे अनैतिक व्यापार अधिनियम के अंतर्गत पकड़ा गया था। उस युवती ने बताया कि किस प्रकार वह अपने नशेड़ी पिता के कारण ऐसे कार्य के लिए विवश हुई थी।

डॉ. वर्मा ने बताया कि यह घटना उनके जीवन में एक नया मोड़ लेकर आई। उन्होंने अपने कार्यकाल में फतेहाबाद जिले को नशा मुक्त किया और नशे में ग्रस्त लोगों का उपचार कराया। फलस्वरूप फतेहाबाद में राम राज्य की स्थापना हुई थी। आज उनके प्रयासों से सैकड़ों लोगों ने नशा छोड़ा है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में जीवन में किसी भी प्रकार का नशा न करने का प्रण किया और विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9050891508 पर सुचना देने का वचन दिया। इस अवसर पर प्राचार्य महेंद्र धानिया, संदीप नरवाल, भारत भूषण, यशपाल रुहल, यशपाल कादियान, सतपाल घणघस, सुमित पुनिया, सुनील आदि उपस्थित रहे. यह पानीपत ज़िले में हरियाणा राज्य स्वपाक नियंत्रण ब्यूरो एवं प्रयास द्वारा छठा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम था.

Comments