सीएम विंडो शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में करें निस्तारण : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
जनशिकायतों के समाधान में जवाबदेही तय, लंबित मामलों पर उपायुक्त ने मांगा जवाब
सीएम विंडो की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश, हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी
लंबित शिकायतों पर अधिकारियों की जवाबदेही तय, उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
BOL PANIPAT , 2 जुलाई। मुख्यमंत्री विंडो (सीएम विंडो) पर प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागाध्यक्षों से शिकायतों के लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली तथा शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विंडो सरकार का महत्वपूर्ण जनसेवा मंच है और इस पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक मामले का तथ्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, “सीएम विंडो पर आने वाली प्रत्येक शिकायत आमजन की अपेक्षाओं और विश्वास से जुड़ी होती है। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण करें। जिन मामलों में अनावश्यक देरी हो रही है, उनकी व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।”
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।
उन्होंने सभी विभागों से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीईओ डॉ किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, चीफ इंजीनियर रमेश बागड़ी, डीडीपीओ राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Comments