Thursday, September 3, 2026
Newspaper and Magzine


गांवों के विकास में नहीं चलेगी लापरवाही, अधिकारी कार्यों की प्रगति में और लाए तेजी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 3, 2026 Tags: , , ,

समालखा के 27 गांवों के विकास की डीसी ने खींची तस्वीर, 9 बिंदुओं पर अधिकारियों को दिए तेजी से काम के निर्देश

फिरनी से लेकर तालाब और स्ट्रीट लाइट तक पर डीसी की नजर, गांवों के विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

गांवों के विकास को मिलेगी रफ्तार, उपायुक्त समीक्षा कर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

BOL PANIPAT , 3 सितंबर। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में समालखा उपमंडल के 27 गांवों के सरपंचों, ग्राम सचिवों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गांवों में विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्राम सचिवालय, फिरनी की सडक़ एवं नाले, शिवधाम, स्ट्रीट लाइट, तालाब, सीवरेज, स्कूल, लाइब्रेरी, पार्क एवं योगशाला जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए संबंधित अधिकारी और ग्राम पंचायतें आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक कार्य की मौके पर निगरानी करें और निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करवाना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि गांवों में ऐसी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, जिनका स्थाई और सीधा लाभ ग्रामीणों को मिले। बैठक में गांवों के समग्र विकास के लिए निर्धारित 9 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। गांवों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी प्रगति पर भी विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि लोगों को इनका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों का मौका निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करें और जिन कार्यों में किसी प्रकार की कमी या देरी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए।

बैठक में ग्राम सचिवालय, पार्क एवं योगशाला, शिवधाम व रास्ते, फिरनी की सडक़ एवं नाले, स्कूलों की स्थिति, स्ट्रीट लाइट, तालाब, सीवरेज तथा लाइब्रेरी से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से प्रत्येक गांव में इन सुविधाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सुधार कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ हरीश कुमार ने कहा कि गांवों के विकास में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरपंच और ग्राम सचिव आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें। संबंधित विभाग भी पंचायतों के साथ तालमेल बनाकर कार्यों को गति दें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से गांवों की फिरनी, गलियों, नालियों, तालाबों और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं, ग्राम सचिवालयों, पुस्तकालयों तथा पार्क एवं व्यायामशालाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में इन 9 विषयों पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की पहल की गई है। इसी कड़ी में समालखा खंड की 27 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ डॉ किरण, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीडीपीओ राजेश शर्मा , सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा,रोशन लाल महला के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, पंचायत राज विभाग के अधिकारी, ग्राम सचिव, कनिष्ठ अभियंता तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply