Thursday, May 14, 2026
Newspaper and Magzine


लापरवाही पर ब्रेक, जवाबदेही फुल ऑन: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 14, 2026 Tags: , , , , , ,

जनता समाधान शिविर बना भरोसे की नई पहचान

समयबद्ध समाधान, लापरवाही बर्दाश्त नहीं  

राशन कार्ड, पेंशन और फैमिली आईडी मामलों में तेजी लाने के निर्देश

जनता की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, मौके पर कई शिकायतों का निपटारा

BOL PANIPAT , 14 मई। हरियाणा सरकार के निर्देशों के तहत जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर आमजन के लिए भरोसे और उम्मीद का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। वीरवार को आयोजित शिविर में उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में कुल 16 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मुख्य रूप से फैमिली आईडी में आय संशोधन, पेंशन, राशन कार्ड, फार्मर आईडी तथा पुलिस विभाग से जुड़े मामले शामिल रहे। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने के आदेश दिए गए।

उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास और संवाद का सशक्त मंच बन चुका है। हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समाधान तय समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। राशन कार्ड, पेंशन, फैमिली आईडी और अन्य जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

    अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा और शिकायतों का निष्पक्ष व त्वरित समाधान पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।

नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने कहा कि पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम से जुड़ी किसी भी शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

  शिविर में कई महत्वपूर्ण प्रकरण भी सामने आए। प्रार्थी सुखबीर, धर्मवीर, अन्नु वासी बुडशाम ने स्कूल के निकट अवैध शराब ठेका बंद करवाने की मांग रखी। राजेंद्र ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की गुहार लगाई। रितु (उग्रा खेड़ी) ने एचडीएफसी बैंक पर प्रताडऩा के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं मुन्नी (नूर वाला) ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।

Comments


Leave a Reply