Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


रोड मैप व व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर काम करें अधिकारी: जिला निर्वाचन अधिकारी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 5, 2024 Tags: , , , , , , ,

-चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्वक कराने को लेकर सेक्टर सुपरवाईजर को दिया प्रशिक्षण

BOL PANIPAT , 5 मार्च। लोकसभा के आम चुनाव को निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्वक कराने को लेकर जिला सचिवालय में मंगलवार को सभी सैक्टर सुपरवाईजर को चुनाव से पहले व बाद में उनकी जिम्मेदारियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि चुनाव के दौरान एक प्रकार से पूरा प्रशासन चुनाव आयोग के अधीन कार्य करता है। सभी को अपनी ड्यूटी को ईमानदारी व निष्ठापूर्वक करना है। इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि चुनाव में ड्यूटी को किसी भी परिस्थिति में कटवाया नहीं जा सकता। रोड मैप बनाकर केंद्र अधिकारी कार्य करें व चुनाव के दौरान कार्य को आसान करने के लिए अधिकारी  अपनी टीमों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर काम करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान कर्मचारी और अधिकारी किसी प्रकार की कौताही ना बरते। उन्होंने सैक्टर सुपरवाईजर को कहा कि जिस दौरान उनकी गाड़ी में रिजर्व ईवीएम हों उस दौरान वे गाड़ी को छोडक़र ना जाएं और रास्ते में कहीं पर भी गाड़ी ना रुके। उन्होंने कहा कि सैक्टर सुपरवाईजर काम पूर्ण होने तक किसी को भी रिलीव ना करें। बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं तक फोटोयुक्त मतदान पर्ची समय से पहुंच जाए, इसका विशेष योजना बनाकर ध्यान रखेंगे तो यह ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने में सहायक होगा जो अपने क्षेत्र से बाहर या विदेश में रह रहे हों।
    एसडीएम मनदीप ने केंद्र अधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए कहा कि चुनाव में ईवीएम को लेकर कोई इश्यु ना बने इसका ध्यान रखना होगा। ईवीएम वाली गाड़ी को कहीं अकेले ना छोड़े व बाईक आदि पर लेकर ना जायें। ईवीएम वाली गाड़ी को अंदर बूथ तक लेकर जायें। पोलिंग पार्टी को साथ लेकर जाना है यह सैक्टर सुपरवाईजर की जिम्मेदारी है। ईवीएम को कैसे संचालित करना है यह ट्रेनिंग लेकर अपने को भी तकनीकी रूप से तैयार रखें।
  बैठक में जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी गौरव ने प्रशिक्षण देते हुए कहा कि सभी केंद्र अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके बूथ पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हंै। जहां कमी नजर आती है उसको समय रहते दूरस्त किया जाये।
    कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना व उनका लोकतंत्र के प्रति भरोसा जगाना होगा व उन्हें विश्वास दिलाना होगा कि पूरी चुनाव मशीनरी उनके साथ है। चुनाव की तिथि से पूर्व केंद्र अधिकारियों को उन गांवों का पता लगाना होगा जहां पैसे व अन्य संसाधनों का प्रयोग कर मतदाताओं को प्रभावित तो किया जा सकता। उन्हें सभी अधिकारियों को चुनाव से पूर्व बूथों का निरीक्षण करना होगा।
      उन्होंने बताया कि चुनाव वाले दिन हर दो घंटे में मतदान के सम्बंध में रिर्पोटिंग करनी होगी। चुनाव के दिन पोलिंग पार्टी के साथ पूरा समन्वय स्थापित कर चुनाव को शांतिपूर्वक कराना सुनिश्चित करना होगा। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज, एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीटीएम सुश्री टीनू पोशवाल, डीएसपी धर्मबीर खर्ब, नायब तहसीलदार (चुनाव) सुदेश राणा और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments