Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 6, 2023 Tags: , , , , ,

युवक को कनाडा भेजने की बजाय आर्मेनिया व दुबई भेजा वहां से वापस भारत भेज दिया

BOL PANIPAT : 06 सितम्बर 2023, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना मॉडल टाउन पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर युवक से ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को दिल्ली के करोल बाग से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विकास गुप्ता निवासी न्यू पालम विहार गुरुग्राम हाल शांति नगर गुरुग्राम के रूप में हुई।

थाना माडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर रेखा ने बताया कि थाना माडल टाउन में जिला जीन्द के गांव डाठरथ निवासी रणबीर पुत्र महेंद्र ने विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ हुई धोखाधड़ी बारे मई में शिकायत देकर बताया था कि गांव भादड़ निवासी उसके साढू मुकेश ने एजेंट के माध्यम से अपने मामा के लड़के को विदेश में भिजवाया था। वह भी विदेश जाना चाहता था। उसने साढू मुकेश से इस बारे बात कर उसी एजेंट के माध्यम से अपना काम करवाने के लिए कहा। साढू मुकेश के साथ उसने गांव ऐचरा निवासी बिजेंद्र से संपर्क किया। बिजेंद्र कहने लगा वह विदेश भेजने का काम नही करता लेकिन वह पीयूष गुप्ता नाम के एक व्यक्ति को जानता है जिसका पूरा परिवार यही काम करता है। वह उनको पीयूष गुप्ता से मिलवा देगा।
बिजेंद्र के साथ वह और उसका साढू मुकेश मुखीजा कॉलोनी में बिजेंद्र के चाचा के घर पर पीयूष गुप्ता से मिले। बिजेंद्र ने उनको सीधी बात करने के लिए कहा और साथ में कहा भविष्य में अगर लेने देने बारे या अन्य कोई दिक्कत आती है तो वह उनके साथ है पीयूष गुप्ता के साथ नही। उनके अतिरिक्त इस दौरान जिला कैथल का सतपाल, जीन्द का सत्यवान व करनाल का शमशेर भी पीयूष गुप्ता से मिला। आरोपी पीयूष गुप्ता ने उन सभी को हर प्रकार की सुरक्षा का विश्वास दिलाया।
रणबीर के पास विदेश जाने की पेमेंट तैयार नही थी उसने साढू मुकेश से कहा। मुकेश ने अपने पास से 5.60 लाख रुपए पीयूष गुप्ता को दे दिए।
पैसे लेकर कनाडा भेजने की बजाय उसको आरोपियों ने पहले अरमानिया वहां से दुबई भेज दिया और कुछ समय बाद वापस भारत भेज दिया। इसी प्रकार प्रदीप व गौरव नाम के युवक को कनाडा की बजाया बैंकॉक भेज दिया। आरोपी पीयूष गुप्ता ने अपनी पत्नी मीनू गुप्ता, बेटे कुशल गुप्ता व भाई विकास गुप्ता के साथ मिलकर उससे कनाडा भेजने के नाम पर 5.60 लाख रुपए की व अन्य के साथ करीब 17.35 लाख रुपए की ठगी कर ली। शिकायत पर थाना माडल टाउन में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं व इमीग्रेशन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू करने के साथ ही आरोपियों को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए थे।    

इंस्पेक्टर रेखा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास को पुलिस ने बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया  जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया

Comments