Tuesday, May 19, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत रिफाइनरी में ऑनसाइट आपदा ड्रिल का अभ्यास सम्पन्न

By LALIT SHARMA , in Business , at March 26, 2022 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT :- 26 मार्च, 2022, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स (पीआरपीसी) में विभिन्न विभागों की तैयारियों,  कार्यसाधकता और दिए गए दिशानिर्देशों के अनुसार आपातकालीन समन्वयकों द्वारा कार्य प्रणाली के उचित आंकलन करने हेतु, पानीपत रिफाइनरी के क्रूड टैंक एरिया के टैंक नंबर 301 एवं 302 में आकस्मिक डबल फ़ायर परिदृश्य का ऑनसाइट आपदा ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया ।

योजना के अनुसार, दिनांक 26.03.2022 दोपहर 02.36 बजे ड्रिल को सक्रिय किया गया। स्थिति की गंभीरता  को  दर्शाते हुए दोपहर 03:03 बजे आपदा घोषित की गई तथा उसके बाद उससे  होने  वाले खतरों से बचने का गंभीरतापूर्वक अभ्यास किया गया।

आपातकालीन कॉल आते ही तुरंत पानीपत रिफाइनरी के मेन फायर स्टेशन एवं सेटेलाइट फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ साइट पर पहुँची। टैंक फार्म एरिया में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए एवं आस पास फैलने से रोकने तथा टैंक को ठंडा रखने के लिए वॉटर कर्टेन/ वॉटर स्प्रे सिस्टम/एच वी एल आर एम  का इस्तेमाल किया गया और आग बुझाने के लिए फोम का प्रयोग किया गया। इस आपदा ड्रिल के दौरान सभी आपातकालीन समन्वयकों ने अपनी भूमिका  निभाते हुए आपदा प्रबंधन मे सहयोग दिया।

श्री गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी को भी इस बारे सूचना दी गई जो तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आंकलन किया और उचित दिशा निर्देश दिए। उसके उपरांत लगभग एक घंटे के प्रयासों के बाद, दोपहर 04:03 बजे स्थिति पर पूरी तरह सफलतापूर्वक  नियंत्रण कर स्थिति के सामान्य होने की घोषणा की गई।

इस अभ्यास के दौरान किसी भी जान, माल एवं संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ । इसके मद्देनजर आपसी सहायता, साझेदार जैसे थर्मल पावर स्टेशन, एनएफएल को भी अलर्ट पर रखा गया। ड्रिल अभ्यास के बाद एक डिब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जहां आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों की दी गई रिपोर्ट की समीक्षा की गई । यह बैठक श्री गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख की अध्यक्षता में संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।

Comments