सेंथिल कुमार एन. ने इंडियन ऑयल बोर्ड में निदेशक (पाइपलाइन्स) का कार्यभार संभाला
BOL PANIPAT : नई दिल्ली: सेंथिल कुमार एन. ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बोर्ड में निदेशक (पाइपलाइन्स) का कार्यभार संभाल लिया है। इंडियन ऑयल के लगभग 18,500 कि.मी. के क्रॉस-कंट्री पाइपलाइन्स नेटवर्क के प्रमुख के रूप में, सेंथिल कुमार कॉर्पोरेशन के विशाल और जटिल पाइपलाइन्स बुनियादी ढांचे के लिए जिम्मेदार होंगे जिसमें सिंगल पॉइंट मूरिंग सिस्टम, कच्चे तेल टैंक फार्म, नगर गैस वितरण नेटवर्क और दुर्गम भूभाग को पार करती पाइपलाइनें शामिल हैं।
सेंथिल कुमार एन. एक इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियर हैं, जिनके पास इंडियन ऑयल के देश व्यापी तेल और गैस पाइपलाइन्स के प्रचालन और अनुरक्षण में 33 वर्षों से अधिक का विशद अनुभव है। कॉर्पोरेशन के लिए उनका दृष्टिकोण ‘उत्कृष्टता, अखंडता, जन संपर्क, नेट जीरो और खुशहाली’ के पांच स्तंभों के आधार पर तकनीकी सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास और परिचालन दक्षता पर आधारित है।
निदेशक (पाइपलाइन्स) के रूप में बोर्ड में शामिल होने से पहले, वह इंडियन ऑयल के पाइपलाइन्स प्रभाग मुख्यालय में कार्यकारी निदेशक (प्रचालन) के रूप में कार्यरत थे। समाधान खोजने के लिए प्रौद्योगिकी की शक्ति का लाभ उठाने के प्रबल समर्थक रहे सेंथिल कुमार ने पाइपलाइन्स सुरक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पाइपलाइन्स में चोरी पर अंकुश लगाने की एक बड़ी तकनीकी सफलता के रूप में उन्होंने पाइपलाइन्स घुसपैठ का पता लगाने और चेतावनी प्रणाली की स्थापना की शुरुआत की।
इंडियनऑयल के लिए पहली बार, उन्होंने वैकल्पिक संचार प्रणाली आधारित केंद्रीय पाइपलाइन्स सूचना प्रबंधन प्रणाली (सीपीआईएमएस) की संकल्पना तैयार की। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, जिसने पाइपलाइन्स से विपणन भंडारण टर्मिनलों तक पेट्रोलियम उत्पादों के कस्टडी ट्रांसफर में मैन्युअल हस्तक्षेप को समाप्त कर दिया तथा दक्षता एवं उत्पादकता को बढ़ाया। उन्होंने मास फ्लो मीटर-आधारित कस्टडी ट्रांसफर मीटरिंग प्रणाली को लागू करने के लिए टीम का नेतृत्व किया।
इंडियनऑयल लगभग 18,500 कि.मी. लंबे कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पाद और गैस पाइपलाइनों के एक नेटवर्क का संचालन करता है, जिसकी क्षमता 124.4 मिलियन मैट्रिक टन प्रति वर्ष तेल और 48.73 मिलियन मैट्रिक मानक घन मीटर प्रति दिन गैस है। कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन के लिए क्रॉस-कंट्री पाइपलाइनों को विश्व स्तर पर सबसे सुरक्षित, किफायती, ऊर्जा-कुशल और पर्यावरण-अनुकूल साधन के रूप में मान्यता प्राप्त है।

Comments