पीआरपीसी में ऑनसाइट आपदा ड्रिल का अभ्यास सफलतापूर्वक सम्पन्न
BOL PANIPAT :- 23 दिसम्बर, 2023: पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स (पीआरपीसी) द्वारा आग एवं गैस जैसे खतरे से निपटने के लिए दिनांक 23 दिसम्बर, 2023 को पानीपत रिफाइनरी संयंत्र में विभिन्न विभागों के द्वारा जहरीली गैस के रिसाव एवं आग के खतरे से निपटने की तैयारियों के सही आकलन करने हेतु एक ऑनसाइट आपदा ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस ड्रिल के परिदृश्य में “डीएचडीएस यूनिट में कोल्ड सेपरेटर में लेवल स्विच टैपिंग के अपस्ट्रीम फ्लैंज से रिसाव के परिणामस्वरूप हयड्रोकार्बोन, हाइड्रोजन और H2S का रिसाव और बाद में आग” को दर्शाया गया था।
11:58 बजे कोल्ड सेपरेटर में लेवल स्विच टैपिंग के अपस्ट्रीम फ्लैंज से रिसाव होना शुरू हुआ और थोड़ी देर बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 12:17 बजे अग्नि एंव सुरक्षा प्रभारी ने मुख्य घटना नियंत्रक से चर्चा करके आपातकालीन सायरन बजाने का आदेश दिया । 12:29 बजे जब हाइड्रोकार्बन का रिसाव तेजी से फैलने और आग लगने की घटना के बाद की गंभीरता को देखते हुये हितेश शाह, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) एवं मुख्य घटना नियंत्रक ने कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख से चर्चा करके इस घटना को एल-2 आपदा घोषित कर दिया।

आपातकालीन सायरन बजते ही फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ साइट पर पहुँच गई और ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव पर काबू करने के लिए फायर मॉनिटर और वाटर कर्टन के माध्यम से आपातकाल नियंत्रण कार्य प्रारंभ किया। एम. एल. डहरिया , कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी को इस बारे में सूचना दी गई। उनके द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन करके लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद ठीक 13:33 बजे स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण करके स्थिति सामान्य होने की घोषणा की गई।
इस आपदा ड्रिल के बाद एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए विभिन्न प्रेक्षकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा डहरिया तथा संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। डहरिया ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना करते हुए इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी दिए।

Comments