पानीपत रिफाइनरी ने 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया
BOL PANIPAT : – 21 जून, 2022, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने वर्ष-2022 के विषय “मानवता के लिए योग” को अपनाते हुए, मिनी स्मार्ट सिटी के सामुदायिक केंद्र में 21 जून, 2022 को सुबह छह बजे से 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। दुनिया भर में योग के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए, यह दिन 2015 से हर साल 190 से अधिक देशों में पूरे उत्साह एवं जोश के साथ योग दिवस के रूप में मनाया जाता है और यह भारत की ओर से पूरी दुनिया की मानवता के लिए एक अमूल्य उपहार है।
कार्यक्रम की शुरुआत में गोपाल चंद्र सिकदर, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी ने योग दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बोलते हुए, सिकदर ने जोर देकर कहा कि यह 100% सत्य है कि योग का अभ्यास करने से न केवल शारीरिक और मानसिक विश्राम मिलता है, बल्कि शक्ति और सामर्थ्य बनाने में भी मदद मिलती है। यह भारत की प्राचीन एवं अमूल्य परंपरा है जिसको दुनिया भर में अपनाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि योग का अभ्यास करने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है जिससे शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बनाए रखने में भी मदद मिलती है । योग का निरंतर अभ्यास करने से किसी भी प्रकार की बीमारी/महामारी से भी बचा जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि योग के लाभों के बारे में दूसरों को जागरूक करना हम में से प्रत्येक का नैतिक कर्तव्य है। समापन से पहले, उन्होंने सभी से न केवल आज बल्कि हर दिन योग का अभ्यास करने का आग्रह किया ताकि इसका पूरा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक (तकनीकी), मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण और पानीपत रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स परिवार के भी वरिष्ठ अधिकारीगण, अधिकारी एसोसिएशन एवं कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे जिन्होंने विभिन्न योग आसनों को करने में सक्रिय और उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर एक प्रख्यात योग प्रशिक्षक राजेश्वर योगी को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने योग के विभिन्न रूपों के बारे में ज्ञान देने के लिए एक घंटे का सत्र लिया। उन्होंने स्वस्थ और निरोगी रहने के लिए योग, प्राणायाम और कई तरह के योग आसन करने के साथ ही इसे अपने जीवन में अपनाने की बात की।

Comments