Thursday, July 23, 2026
Newspaper and Magzine


सुबह-शाम शिविर लगाकर पूरा करें डिजिटाइजेशन व लंबित कार्य: एडीसी अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 23, 2026 Tags: , , , , , ,

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में नहीं चलेगी ढिलाई, हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करें

BOL PANIPAT , 23 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए अतिरिक्त 10 दिनों का पूरा और प्रभावी उपयोग किया जाए। जिन बीएलओ का कार्य अभी अधूरा है, वे बिना किसी देरी के उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। डिजिटाइजेशन का बचा हुआ कार्य तत्काल पूर्ण किया जाए तथा सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान को केवल औपचारिक कार्य न समझे, बल्कि लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी मानते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करे। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए और न ही किसी प्रकार की त्रुटि रहनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें।

    अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम वार्डो में बूथ पर दोनों समय विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचें तथा शेष कार्य को तेजी से पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाए, लंबित गणना प्रपत्रों का सत्यापन एवं संग्रहण किया जाए तथा डिजिटाइजेशन का बचा हुआ कार्य भी हर हाल में निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की दैनिक प्रगति की लगातार निगरानी करें और जहां भी किसी प्रकार की पेंडेंसी या समस्या हो, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी तथा समयबद्ध कार्यप्रणाली पर निर्भर है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

Comments


Leave a Reply