“साइबर सुरक्षा” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया
BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.) महाविद्यालय , पानीपत में कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ द्वारा एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसका विषय था — “साइबर सुरक्षा”। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एस. आई. अरुण कुमार एवं योगेश कुमार रहे | इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक कानूनी जानकारी और व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. वसुंधरा मदान द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को प्रभावशाली और सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा,
“डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि एक सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को न केवल अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, बल्कि उन्हें यह भी समझना चाहिए कि सुरक्षित डिजिटल व्यवहार कैसे अपनाया जाए। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल हैं।”
मुख्य वक्ता के रूप में साइबर पुलिस स्टेशन, पानीपत से एसआई अरुण कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर अपराध आज के समय की एक गंभीर चुनौती है, जो हमारी व्यक्तिगत और सामाजिक सुरक्षा को प्रभावित कर सकती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहें। एसआई योगेश कुमार ने अपने सम्बोधन मे कहा कि अपनी गोपनीय जानकारी साझा करने से पहले सोचें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित प्राधिकरण को दें। जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. निधि ने कहा कि साइबर सुरक्षा आज केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि एक सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी है। कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके डिजिटल अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। इस व्याख्यान के माध्यम से हमने एक सकारात्मक पहल की है, जिससे युवा वर्ग साइबर अपराधों से बचाव के लिए सजग और सशक्त बन सके।कार्यक्रम के अंत में डॉ. निधि ने कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ की ओर से सभी उपस्थित जनों का धन्यवाद किया और सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया |
कार्यक्रम में डॉ. निधि, डॉ. पूनम गुप्ता, करुणा, और डॉ. वसुंधरा मदान सहित प्रकोष्ठ के सभी सदस्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों के साथ सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

Comments