गीता इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में नव प्रवेशित छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित।
BOL PANIPAT – गीता इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, करहंस (पानीपत) में सत्र 2025-2026 के लिए बीए.एल.एल.बी. और बीबीए.एल.एल.बी. 5 वर्षीय पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित छात्रों के लिए भव्य ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों के पंजीकरण एवं हवन के साथ हुई, जिसमें संस्थान के सभी स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गीता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के वाइस चेयरमैन एवं गीता यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर अंकुश बंसल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में वर्षा शर्मा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पानीपत एवं जशनप्रीत सिंह, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, पानीपत ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कॉलेज की डायरेक्टर (ट्रेनिंग) डॉ.प्रेरणा डावर ने अतिथियों, नवप्रवेशित छात्रों व उनके अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने छात्रों को संस्थान के नियमों एवं पांच वर्षीय पाठ्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया तथा शिक्षकों की विस्तृत प्रोफाइल भी प्रस्तुत की।
प्रो-चांसलर अंकुश बंसल ने छात्रों को संबोधित करते हुए विधिक क्षेत्र में कैरियर निर्माण के लिए उपयोगी सुझाव दिए और संस्थान की स्थापना, उद्देश्य तथा गीता ग्रुप द्वारा संचालित शैक्षणिक संस्थानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्षा शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने विधि की पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यायिक सेवा परीक्षा को अपना लक्ष्य बनाया और कड़ी मेहनत से सफलता प्राप्त की। उन्होंने छात्रों को अनुशासित दिनचर्या अपनाने, गहराई से अध्ययन करने और न्यायिक संवेदनशीलता बनाए रखने की सलाह दी।
जशनप्रीत सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विधि केवल एक करियर नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व, सेवा और न्याय का माध्यम है। उन्होंने छात्रों को सोचना, सवाल करना और न्याय को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर गीता इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में आयोजित ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दौरान संस्थान द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता के आधिकारिक ब्रॉशर का विमोचन किया गया।
इस ब्रॉशर का संयुक्त अनावरण गीता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के वाइस चेयरमैन एवं गीता यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर अंकुश बंसल तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पानीपत, वर्षा शर्मा के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम अंत में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुभाष कुमार ने गीता इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ की ओर से ओरिएंटेशन प्रोग्राम में उपस्थित सभी नवप्रवेशित छात्रों और उनके अभिभावकों का हृदय से आभार प्रकट किया, उसके अलावा मुख्य अतिथि अंकुश बंसल, विशिष्ट अतिथि वर्षा शर्मा, जशनप्रीत सिंह, और सभी स्टाफ, और प्रशासनिक सहयोगियों का भी धन्यवाद किया, जिनके परिश्रम और प्रतिबद्धता से यह आयोजन सफल रहा।

Comments