Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


“हमारा उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाना है” : कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 21, 2026 Tags: , , , ,

-नौल्था में विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

-बजट, अधूरे प्रोजेक्ट्स और डिजिटल सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा

-ग्राम सचिवालय से शमशान घाट तक निरीक्षण, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

BOL PANIPAT , 21 फरवरी। केंद्रीय विद्युत तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को जिले के गांव नौल्था में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि “हमारा उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाना है। छह चयनित गांवों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और जहां बजट की आवश्यकता है, वहां हर संभव सहयोग दिया जाएगा। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
केंद्रीय विद्युत तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने गांव नौल्था स्थित ग्राम सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्राम विकास कमेटी के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और जिन परियोजनाओं के लिए बजट की आवश्यकता है, उनकी प्रस्तावित योजनाएं शीघ्र तैयार कर भेजी जाएं ताकि किसी प्रकार की देरी न हो।
समीक्षा बैठक के दौरान कमेटी सदस्यों ने बताया कि ग्राम सचिवालय का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य दो माह में पूरा होने की संभावना है। मंत्री ने पार्क एवं योगशाला के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त शिवधाम एवं गांव के रास्तों का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि फिरनी की सड़क एवं नालों का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता है। इस पर मंत्री ने आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि स्कूल भवन से संबंधित कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। वहीं स्ट्रीट लाइट का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। मंत्री ने इस कार्य को और गति देने के निर्देश दिए ताकि गांव में रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
डिजिटल लाइब्रेरी का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी भी बैठक में दी गई, जिसे आगामी दो माह में पूर्ण करने की योजना है।
मंत्री ने डिजिटल सुविधाओं को ग्रामीण विकास का अहम आधार बताते हुए इसे प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया।
कैबिनेट मंत्री ने गांव के तालाब से संबंधित निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए शेष कार्य को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांव में सीवरेज व्यवस्था लागू कराने और नाले की मरम्मत के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग रखी।
समीक्षा बैठक में स्टेडियम निर्माण, अधूरे कम्युनिटी हॉल तथा बीसी चौपाल के लिए भी फंड उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई। मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।
समीक्षा बैठक के उपरांत मंत्री ने ग्राम सचिवालय में संचालित सिलाई केंद्र और शमशान घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा,भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट सहित अन्य गण मान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने फूलमालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
गौरतलब है कि गांव नौल्था में आयोजित यह समीक्षा बैठक ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जहां आधारभूत ढांचे से लेकर डिजिटल सुविधाओं तक समग्र विकास पर जोर दिया गया।

Comments