ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत पानीपत पुलिस की कार्रवाई, पेट्रोल पंप पर लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया
BOL PANIPAT , 19 नवंबर : रोहतक पानीपत नेशनल हाईवे पर गांव नौल्था के नजदीक स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से हथियार के बल पर नगदी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के और दो आरोपियों झज्जर के बादली निवासी विनित उर्फ सिकंदर व महेंद्र के बला खुर्द गांव निवासी कर्मवीर उर्फ कर्मा को सीआईए टू पुलिस की टीम मंगलवार को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। दोनों आरोपी लूट के अन्य मामले में सोनीपत जेल में बंद थे।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में पहले पकड़े जा चुके सोनीपत के रुखी गांव निवासी अंकित व एक नाबालिग साथी आरोपी के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्तौल व स्विफ्ट कार नारनौल पुलिस द्वारा बरामद की जा चुकी है। आरोपियों को नारनौल पुलिस ने गत दिनों लूट के अन्य मामले में गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने मंगलवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
मामले में पहले पकड़े जा चुके नाबालिग सहित दो आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी में से 1500 रूपए बरामद कर नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह मधुबन व आरोपी अकित को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है।
यह है मामला
थाना इसराना में गांव ब्रहामण माजरा निवासी कुनाल पुत्र सत्यनारायण ने पुलिस को दी शिकातय में बताया था कि वह रोहतक पानीपत नेशनल हाइवे पर नौल्था गांव के नजदीक स्थित किसान आटो पेट्रोल पंप पर काम करता है। 29 जून की रात 9:43 बजे वह ड्यूटी पर था। तभी सफेद रंग की एक बगैर नंबर की स्विफ्ट कार रोहतक की और से आई और कार में 2 हजार रूपए का पेट्रोल डलवाया। उसने पेट्रोल के पैसे मांगे तो कार से तीन युवक उतरे। उनमे से दो युवकों ने हाथ में ली पिस्तौल उसकी कनपटी व माथे पर स्टा दी, थप्पड़ मारे और तीसरे ने उसकी दोनों जेब से 5 हजार रूपए कैश निकाल लिया। आरोपियों का एक साथी इस दौरान कार की ड्राइवर सीट पर बैठा रहा। हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर चारों आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। थाना इसराना में कुनाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments