Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी ने उत्साह के साथ 78वें  स्वतंत्रता दिवस समारोह का किया आयोजन 

By LALIT SHARMA , in Business , at August 15, 2024 Tags: , , , , , , ,

BOL PANIPAT :- 15 अगस्त,  2024, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में राष्ट्र प्रेम की भावना को बढ़ावा देते हुए 78वां  स्वतंत्रता दिवस बड़े जोश एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) द्वारा मिनी स्मार्ट सिटी में ध्वजारोहण किया गया। शुरूआत में पीआरपीसी के स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली के कार्यक्रम के साथ ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत इंडियन ऑयल के अध्यक्ष एस एम वैद्य के साथ मिलकर श्री डहरिया ने ध्वजारोहण किया और कॉर्पोरेट कार्यालय के साथ मिलकर सभी ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात अध्यक्ष महोदय का संबोधन प्रसारित किया गया। 

इस अवसर पर पीआरपीसी के सभी मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, उप-कमांडेंट (सीआईएसएफ), ऑफिसर्स एसोसिएशन व कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि, कई गणमान्य अतिथि, सरपंच, भूतपूर्व सरपंच व प्रबुद्धजन के अलावा बड़ी संख्या में इंडियन ऑयल परिवार के सदस्य व बच्चे भी उपस्थित थे।

इसके पश्चात एम एल डहरिया द्वारा परेड का निरीक्षण व उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी को 78वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी । उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यह दिवस हमें अपने असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नायकों को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मरण करने एवं उन्हें नमन करने का अवसर प्रदान करता है जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।  उन्होंने एक समावेशी और समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करते रहने की अपील की। 

उन्होंने आगे कहा कि हमें अपनी विविधता का सम्मान करते हुए एक राष्ट्र के रूप में सभी भारतवासियों में एकता की भावना को बढ़ावा देते हुए अपने राष्ट्र को आत्मनिर्भर और पूर्ण विकसित बनाने के लिए पूरे मन से एवं उत्साह से योगदान करना है।  उन्होंने टीम पीआरपीसी की हाल ही में हुई उपलब्धियों के लिए सराहना की तथा आगे भी सुरक्षा, दृढ़ता एवं जुनून के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।  अंत में उन्होंने सभी का आह्वान करते हुए कहा कि आओ मिलकर “विकसित भारत”  की सोच के साथ अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर होने का प्रण लें और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र में बदलने के सरकार के लक्ष्य का समर्थन करे ।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दीर्घ सेवा पुरस्कार तथा प्रतिभा सम्मान एवं सामूहिक उपलब्धि पुरस्कार प्रदान किए गए। पीआरपीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सरपंचों, भूतपूर्व सरपंचों व प्रबुद्धजनों का विशेष रूप से अभिनंदन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।  

इससे पहले डीपीएस के बच्चों ने राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत होकर रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। सीआईएसएफ के जवानों ने स्वयं व डॉग शो के माध्यम से कई साहसी करतब दिखाए। सभी का धन्यवाद करते हुए 78वें  स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।

Comments