इसराना और मतलौडा के लोगों को आज से मिलेगी 24 घंटे निर्बाध बिजली की सप्लाई।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के प्रयास लाये रंग।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से हुई बातचीत-मंत्री कृष्ण लाल पंवार
दोनों फीडरों को दोबारा जोड़ा जाएगा अर्बन फीडर से–पंवार
दोनों फीडरों के सब डिवीजन कार्यालय की नई बिल्डिंग के लिए भी बनाया जाएगा एस्टीमेट।
BOL PANIPAT : 10 जुलाई– प्रदेश के विकास, पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार के व्यक्तिगत प्रयास से इसराना और मतलौडा के लोगों को निर्बाध 24 घंटे बिजली की सप्लाई शुरू की गई है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इसको लेकर शुक्रवार को ही उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के साथ बैठक कर मतलौडा और इसराना फीडर को तुरंत प्रभाव से ग्रामीण फीडर से हटकर अर्बन फीडर से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इसी को लेकर प्रबंध निदेशक की ओर से अधीक्षण अभियंता और कार्यकारी अभियंता को यह निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि उक्त दोनों फीडरों की पुरानी बिल्डिंग भी जर्जर हो चुकी है। इसको लेकर भी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक को अवगत कराया गया है। उन्होंने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि शीघ्र ही इसका एस्टीमेट बनाकर इसका टेंडर लगाया जाएगा और दोनों नई बिल्डिंग तैयार की जाएंगी। दोनों सबडिवीजन स्तर की बिल्डिंग को आधुनिक तरीके से बनाया जाएगा और इसमें आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे, जिससे बिजली की व्यवस्था और ज्यादा सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि विगत समय से उक्त क्षेत्र के लोग बिजली की समस्या से जूझ रहे थे। उक्त दोनों फीडरों को अर्बन फीडर से ही बिजली की सप्लाई मिलती थी लेकिन बाद में इन्हें ग्रामीण क्षेत्र के फील्डर से जोड़ दिया गया था जिससे लोगों में बिजली की समस्या पैदा हो गई थी उन्होंने इसको इसी को लेकर प्रबंध निदेशक से बात की थी जिससे दोनों फीडर अर्बन फीडर से जोड़कर शुरू कर दिए गए हैं। अब इस क्षेत्र के लोगों की बिजली की समस्या दूर कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इसराना हल्के के लोगों के लिए उनके द्वार 24 घंटे खुले हैं। लोगों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी दी जाएगी।

Comments