Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


पेट्रोल पंप लूट गिरोह का भंडाफोड़. गिरोह के 5 बदमाश गिरफ्तार। पानीपत व सोनीपत की तीन वारदात का खुलासा।

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at May 13, 2023 Tags: , , , , ,

दो डबल बैरल डोगा गन, एक सिंगल बैरल डोगा गन, दो देसी पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस व दो बाइक बरामद.

पानीपतBOL PANIPAT :13 मई 2023, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में सीआईए वन टीम ने बीती देर रात्रि पेट्रोल पंप लूट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के 5 बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। आरोपियों के कब्जे से दो डबल बैरल डोगा गन, एक सिंगल बैरल डोगा गन, दो देसी पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस व दो बाइक बरामद की गई। पकड़े गए सभी आरोपी सोनीपत जिला के रहने वाले है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने शनिवार को सीआईए वन स्टाफ में प्रेसवार्ता कर प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि जिला में गत दिनों हुई पेट्रोल पंप लूट की दो वारदातों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने आरोपियों की जल्द से जल्द धरपकड़ के लिए सीआईए वन टीम को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौपी थी। सीआईए वन टीम ने वारदात स्थल सहित उक्त मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अपने सभी सोर्स को क्षेत्र में एक्टिव किया। बीती रात्रि गश्त के दौरान सीआईए वन की टीम थाना मतलौडा क्षेत्र में गांव अलुपुर में मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि पेट्रोल पंप लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी गांव नैन से परढ़ाना वाले रास्ते पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े है। पुलिस टीम ने गाड़ी पर लगी बत्ती को उतार कर अंदर रख लिया और नैन से परढ़ाना वाले रास्ते पर थोड़ा चले तो सामने दो बाइक व कई युवक खड़े दिखाई दिए। नजदीक पहुंचने पर आरोपियों ने दोनों बाइक पुलिस की गाड़ी के आगे अड़ा दी। ड्राइवर सिपाही संदीप ने गाड़ी रोकी तो उनमे से दो लड़के ड्राइवर संदीप की साइंड आए और पिस्तौल दिखाते हुए नीचे उतरने की धमकी देने लगे। टीम ने तुरंत गाड़ी के अंदर की लाइट जला दी। आरोपी पुलिस टीम को देखकर हड़बड़ाहट में खेतों की तरफ भागने लगें। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते पांचों आरोपियों को मौके पर ही हथियारों सहित काबू करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आशिष उर्फ आशु पुत्र कृष्ण व रोहित पुत्र राजबीर निवासी बुसाना, सागर पुत्र कर्मबीर व विक्रम उर्फ नीटू पुत्र बलवान निवासी मातंड व प्रवीन पुत्र रमेश निवासी सिवानका सोनीपत के रूप में हुई। मौके पर आरोपियों के कब्जे से दो डबल बैरल डोगा गन, एक सिंगल बैरल डोगा गन, दो देसी पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस व दो बाइक बरामद की गई।

इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना मतलौडा में आईपीसी की धारा 398,401 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपियों ने हथियार के बल पर जिला पानीपत में दो व जिला सोनीपत में एक पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। लूट की उक्त वारदातों बारे थाना मतलौडा, थाना इसराना व सोनीपत गोहाना सदर थाना में मुकदमा दर्ज है।

तीन आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड

आरोपी रोहित, प्रवीन व विक्रम का पहले भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी रोहित पर मारपीट का एक मुकदमा जिला जींद में दर्ज है। आरोपी प्रवीण पर मारपीट का एक मुकदमा जिला पानीपत में दर्ज है। आरोपी विक्रम पर सोनीपत के गोहाना थाना में चोरी के दो मुकदमे दर्ज है।

इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया आरोपी रोहित करीब 3 साल पहले अपने गांव निवासी शराब ठेकेदार नरेश के पास कारिंदे के रूप में काम करता था। नरेश गोहाना थाना में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल में बंद था जो वर्ष 2022 में जेल से बेल पर बाहर आया था। शराब ठेकेदार नरेश के शराब ठेके पर काम करते हुए रोहित ने वर्ष 2021 में जिला जींद में दूसरे शराब ठेकेदार के कारिंदे को चोट मार थी। उन्होंने रजिश रखते हुए वर्ष 2022 में आरोपी रोहित को चोट मार दी। आरोपी रोहित इसका बदला लेना चाहता था। जिसके लिए शराब ठेकेदार नरेश ने उसको कुछ दिन पहले उक्त हथियार उपलब्ध करवाए थे। असले मिलते ही आरोपी रोहित ने साथी आरोपियों के साथ मिलकर गत दिनों एक के बाद एक पानीपत व सोनीपत में पेट्रोल पंप पर लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया।

गहनता से पूछताछ करने व असलहा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने के लिए पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से 1 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

लूट की निम्न वारदातों का खुलासा हुआ.

1.  पांचों आरोपियों ने मिलकर 6 मई की रात गांव छिछड़ाना में स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से गन पॉइंट पर 6 हजार रूपए लूटने की वारदात को अंजाम दिया। थाना मतलौडा में सेल्समैन जयबीर निवासी नैन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।

2. पांचो आरोपियों ने मिलकर 6 मई की रात गांव परढ़ाना में स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से गन पॉइंट पर 6 हजार रूपए लूटने की वारदात को अंजाम दिया। थाना इसराना में सेल्समैन ईश्वर निवासी परढ़ाना की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।

3. पांचो आरोपियों ने मिलकर 4 मई की रात सोनीपत के गांव मुडलाना में स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से 12 हजार रूपए लूटने की वारदात को अंजाम दिया। वारदात बारे सोनीपत के गोहाना थाना सदर में मुकदमा दर्ज है।

Comments