खिलाड़ी व सैर करने वाले सड़कों की बजाय खेल स्टेडियमों तथा पार्कों का इस्तेमाल करें : उपायुक्त
BOL PANIPAT , 20 नवम्बर : जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने खिलाड़ियों तथा सैर करने वालों को सावधान करते हुए कहा है कि सड़क किनारे पर दौड़ लगाना और सैर करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा है कि खिलाड़ी सड़कों की बजाय खेल स्टेडियम तथा सैर करने वाले पार्क आदि में ही जाएं।
उपायुक्त ने जिला वासियों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है । उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर स्कूलों, कालेजो में सैमीनार व गोष्ठियों के माध्मय से स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाता है। इसके बावजूद कई बार थोड़ी सी लापरवाही के कारण लोग हादसों का शिकार हो जाते है।
उन्होंने कहा कि केवल वाहन चालक ही नहीं कई बार पैदल चलने वाले लोग या फिर सड़क पार कर रहे लोग भी वाहनों की चपेट में आ जाते हैं। ऐसे में पैदल चलते समय या फिर सड़क पार करते समय सावधानियां बरतकर हादसों से बच सकते हैं। किसी परिवार में दुर्घटना हो जाती है, तो कई पीढ़ियों को झेलना पड़ता है और परिवार पूरी तरह बिखर जाता है।
उन्होंने कहा कि हम यातायात नियमों का पालन कर काफी हद तक हादसों से बच सकते हैं। सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है, इसी के साथ ही कोहरे ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है, इसलिए वाहन चालक व अन्य लोग भी विशेष सावधानी बरतें।

Comments