एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के खिलाड़ी ने आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी (पूमसे) ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झटका कांस्य पदक
-पुरुष ताइक्वांडो टीम बनी कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की इंटर-कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप की ओवरआल रनरअप चैंपियन
-कुल 11 मेडल्स हासिल कर पांच खिलाड़ी हुए आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी के लिए चयनित
BOL PANIPAT , 11 नवम्बर: एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के खिलाड़ी मोहम्मद कैफ अंसारी ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर (पंजाब) में आयोजित आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी (पूमसे) ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक झटक कर एक नया कीर्तिमान बनाया । कॉलेज के लिए एक और खुशखबरी तब आई जब कॉलेज की पुरुष ताइक्वांडो टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की इंटर कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप के ओवरआल रनरअप चैंपियन के खिताब पर कब्ज़ा किया । कॉलेज की पुरुष ताइक्वांडो टीम में मोहम्मद कैफ अंसारी ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत, जोड़ी और ग्रुप प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया । 58 किलोग्राम भारवर्ग में कृष, 63 किलोग्राम भारवर्ग में अमित और 74 किलोग्राम भारवर्ग में कीर्ति ने स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा किया । 57 किलोग्राम भारवर्ग में भारती ने रजत पदक हासिल किया । 80 किलोग्राम भारवर्ग में चरणजीत, 87 किलोग्राम भारवर्ग में प्रशांत, 74 किलोग्राम भारवर्ग में नेहा और 49 किलोग्राम भारवर्ग में माफ़ी ने कांस्य पदकों पर कब्ज़ा किया । कॉलेज पुरुष ताइक्वांडो टीम को उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर इंटर-कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप की ओवरआल रनरअप चैंपियन के खिताब से नवाज़ा गया । कॉलेज के लिए एक और उपलब्धि यह रही कि कैफ, कृष, अमित, भारती और कीर्ति का चयन आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है । पुरुष और महिला ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय कुरुक्षेत्र की 8 से 10 नवम्बर तक आयोजित इंटर कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 6 ब्रोंज मैडल समेत कुल 11 मैडल झटक कर तहलका मचा दिया । कॉलेज प्रांगण में पहुँचने पर मोहम्मद कैफ अंसारी, कृष, अमित, भारती, कीर्ति, चरणजीत, प्रशांत, नेहा और माफ़ी का भव्य स्वागत एसडी पीजी कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो रेखा, कोच अंकुश मलिक, प्रो आनंद, प्रो रूद्र, ग्राउंड्समैन प्रताप और स्टाफ सदस्यों ने किया । कॉलेज के प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं इन सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों से गद-गद नजर आये तथा सभी की भूरी-भूरी प्रशंसा की ।
कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल ने अपने बधाई सन्देश में कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि ने सभी को गौरवान्वित किया है । खेल हमें स्वस्थ तो रखते ही है साथ ही ये हमारे जीवन में अन्य उपलब्धियां प्राप्त करने में भी हमारी मदद करते है । हमारा व्यक्तित्व और बहुमुखी विकास खेलो के बिना संभव नहीं है । खेल का मैदान हम में आत्मविश्वास, परस्पर प्यार और समन्वय को बढाता है । आज जो इन खिलाडियों ने कर के दिखाया है उससे कॉलेज और समाज में खेल के महत्व को स्थापित करने में मदद मिलेगी तथा कॉलेज प्रशासन ऐसे खिलाडियों का हौंसला हमेशा बढाता रहेगा ।
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने अपने प्रेरणापूर्ण शब्दों में विजेता खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन सभी की उपलब्धि कॉलेज और पानीपत जिले के लिए मायने रखती है क्योंकि इससे न सिर्फ इन खिलाडियों का आत्मविश्वास बढ़ा है बल्कि दूसरे विद्यार्थियो को भी प्रेरणा मिली है । आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट और कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की इंटर कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप में ओवरआल रनरअप चैंपियन बनना और अगले स्तर के लिए क्वालीफाई करना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है और इसमें सफलता प्राप्त कर इन खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन का कोई तोड़ नहीं है । कॉलेज को सभी खिलाड़ियों पर नाज़ है तथा भविष्य में भी कॉलेज इन्हें हर प्रकार कि सुविधाएं देता रहेगा ताकि इनके खेल में भरपूर निखार आये और ये अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी खुद को स्थापित कर सके ।
डॉ सुशीला बेनीवाल ने कहा कि कॉलेज के इन होनहारो ने आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी और कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की इंटर कॉलेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रोंज मेडल जीत कर नया कीर्तिमान बनाया है । ताइक्वांडो में वैसे भी एसडी पीजी कॉलेज का पिछले अनेक वर्षो से दबदबा रहा है । इन सभी खिलाड़ियो ने पहले भी राष्ट्रीय और इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर बहुत अच्छा प्रदर्शन करके स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते है । इन खिलाड़ियो द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड यूनिवर्सिटी स्तर पर आज तक कायम है और यह कॉलेज के लिए गर्व का विषय है ।
इस अवसर पर डॉ एसके वर्मा, डॉ मुकेश पुनिया, दीपक मित्तल मौजूद रहे ।

Comments