Saturday, February 14, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों ने किया सूर्य नमस्कार का अभ्यास.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at January 12, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 12 जनवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेत्रत्व में सोमवार को पुलिस लाइन में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल शांत एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। इस दौरान उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक द्वारा सूर्य नमस्कार की सही विधि, इसके विभिन्न चरणों तथा इससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स ने उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि योग एवं सूर्य नमस्कार जैसी प्राचीन भारतीय पद्धतियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर करने में सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने कहा की अन्य विभागों की तुलना में पुलिस विभाग की ड्यूटी थोड़ी कठीन है। पुलिस कर्मियों को लंबे समय तक ड्यूटी के चलते कभी कभी मानसिक दबाव एवं शारीरिक थकान जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। नियमित योगाभ्यास से मनुष्य की कार्यक्षमता, एकाग्रता एवं निर्णय क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
उप पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार से शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, रक्त संचार बेहतर होता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। इसके साथ ही यह अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर सूर्य नमस्कार करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी से महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती 12 फरवरी तक हरियाणा योग व आयुष विभाग के योग शिक्षकों द्वारा सूर्य नमस्कार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस विभाग की ओर से भी निरंतर रूप से सूर्य नमस्कार करवाया जाएगा। सूर्य नमस्कार 12 शक्तिशाली योग आसनों का एक क्रम है जो स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक है। उन्होंने कहा कि पहला सुख स्वस्थ शरीर है और योग बीमारियों को दूर करने का मंत्र है।

Comments