Saturday, July 25, 2026
Newspaper and Magzine


मतदाता सूची पुनरीक्षण पर राजनीतिक दलों की बैठक सम्पन्न

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 18, 2025 Tags: , , , ,

-निर्वाचन अधिकारियों ने बीएलए की शीघ्र नियुक्ति करने का किया अनुरोध

BOL PANIPAT,18 सितंबर।जिला सचिवालय में बुधवार को मतदाता सूची की गहन पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। इसमें पानीपत ग्रामीण, समालखा और इसराना विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए।

बैठक में पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी मनदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में 270 पोलिंग स्टेशन हैं और इतने ही बीएलओ की नियुक्ति की गई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि प्रत्येक बूथ पर एक-एक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करें, क्योंकि पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया में बीएलए की भूमिका बेहद अहम होती है।

समालखा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि कुल 232 पोलिंग स्टेशन पर बीएलओ तैनात किए जा चुके हैं, जबकि बीएलए की नियुक्ति अभी शेष है। उन्होंने इसे जल्द से जल्द पूरा करने पर जोर दिया। इसराना क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी नवदीप नैन ने जानकारी दी कि 199 पोलिंग स्टेशन पर बीएलओ नियुक्त हैं, जबकि सभी बूथ पर बीएलए की नियुक्ति होनी है। उन्होंने इस कार्य को जल्द पूरा करने के लिए कहा।
सभी निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, दस्तावेज एकत्र करेंगे और आवश्यक फार्म वितरित करेंगे। प्रत्येक मतदाता को पूर्व मुद्रित गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी। बीएलओ भरे हुए प्रपत्रों की पावती भी देंगे तथा मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी अपलोड करेंगे।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जानी है। यदि नए मतदान केंद्र स्थापित करने या पुराने में सुधार संबंधी कोई सुझाव है, तो 25 सितंबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय में अवश्य भेजें।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments