9 जुलाई 2025 की देशव्यापी हड़ताल की तैयारी : विभिन्न फैक्ट्रियों में गेट मीटिंग की गई।
BOL PANIPAT : 6 जुलाई केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों, कर्मचारीयों के विभिन्न संगठनों एवं स्वतंत्र फैडरेशनों के आह्वान पर आहुत 9 जुलाई 2025 की देशव्यापी हड़ताल की तैयारी में पानीपत जिला कमेटी एटक की ओर से आज सेक्टर 25 , सेक्टर 29 में जनजागरण अभियान चलाया गया । एटक के जिला प्रधान कामरेड पवन कुमार सैनी एडवोकेट की अध्यक्षता में चले अभियान में विभिन्न फैक्ट्रियों में गेट मीटिंग की गई। इस अवसर पर हरियाणा एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष दरियाव सिंह कश्यप,जिला प्रधान पवन कुमार सैनी,दि वूल खड्डी एंड टैक्सटाइल वर्कर यूनियन के जमशेद मलिक,बीकेएमयू के भूपेन्द्र कश्यप आदि ने मजदूरों को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की मजदूर विरोधी, किसान विरोधी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ देश भर के ट्रेड यूनियनों, सरकारी कर्मचारियों की विभिन्न संगठनों ने 9 जुलाई को एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया है। हड़ताल की मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि चार लेबर्स कोड्स रदद करने,26 हजार रुपए मासिक न्यूनतम वेतन लागु करने,एम एस पी का कानून बनाने,10 हजार रुपए महिना पैंशन देने, पुरानी पैंशन योजना बहाल करने, मनरेगा में साल में 200 दिन काम और 800 रुपए प्रति दिन मजदूरी देने आदि प्रमुख मांगे शामिल हैं।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि अब तो भाजपा सरकार के मंत्री तक कहने लगे हैं कि देश में गरीबों की संख्या बढ़ रही है और धन कुछ अमीरों के पास जमा हो रहा है , इसलिए मेहनतकश जनता को असमानता के खिलाफ संघर्ष तेज करना होगा। वक्ताओं ने कहा कि हरियाणा सरकार पूर्व विधायकों की पैंशन 10 हजार रुपए महिना बढ़ा रही है। दूसरी ओर आम बिजली उपभोक्ताओं के बिजली के दाम बढ़ाकर तथा गरीब परिवारों को राशन कार्ड पर मिलने वाले सरसों के तेल के दाम बढ़ाकर मेहनतकश जनता का जीना दूभर कर रही है।
मजदूर नेताओं ने मजदूरों से 9 जुलाई की हड़ताल में शामिल होने, रोष प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

Comments